82.70 लाख किसानों के खातों में पहुंचे 3308 करोड़ रूपये

इंदौर

:: मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना की राशि खंडवा से एक क्लिक में अंतरित, हर पात्र किसान को मिले 4-4 हजार रूपये ::
:: खंडवा में नई पुलिस बटालियन, मूंदी-खंडवा सड़क और दिन में सिंचाई बिजली की घोषणा; प्राकृतिक खेती को बताया भविष्य की राह ::

खंडवा/इंदौर । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को खंडवा में आयोजित राज्य स्तरीय बलराम कृषि महोत्सव से मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत 82.70 लाख किसानों के बैंक खातों में 3308 करोड़ रूपये एक क्लिक से अंतरित किए। योजना के तहत प्रत्येक पात्र किसान को 4-4 हजार रूपये की सहायता मिली। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर खंडवा में नई पुलिस बटालियन की स्थापना, मूंदी-खंडवा सड़क निर्माण तथा वर्षाकाल के बाद किसानों को दिन में भी सिंचाई के लिए बिजली उपलब्ध कराने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों को केवल आर्थिक सहायता देने तक सीमित नहीं है, बल्कि आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक अनुसंधान और प्राकृतिक खेती के माध्यम से कृषि को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में काम कर रही है। वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाते हुए प्रदेशभर में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव किसानों को नई तकनीक, उन्नत कृषि पद्धतियों और शासकीय योजनाओं से जोड़ने का माध्यम बन रहा है।
उन्होंने किसानों से मिट्टी परीक्षण, संतुलित उर्वरक उपयोग, प्राकृतिक खेती, फसल विविधीकरण तथा ड्रोन आधारित कृषि तकनीक अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकों से खेती की लागत घटेगी और उत्पादकता बढ़ेगी।
:: 65 लाख हेक्टेयर पहुंचा सिंचित रकबा ::
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश का सिंचित रकबा बढ़कर 65 लाख हेक्टेयर हो गया है। पिछले ढाई वर्षों में इसमें 10 लाख हेक्टेयर से अधिक की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि वर्षाकाल समाप्त होने के बाद किसानों को रात के साथ दिन में भी सिंचाई के लिए बिजली उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने कृषि के साथ पशुपालन को किसानों की आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बताते हुए प्रदेश में दुग्ध उत्पादन की हिस्सेदारी 9 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत करने का लक्ष्य बताया।
:: कृषकों और विद्यार्थियों का सम्मान ::
मुख्यमंत्री ने कृषि प्रदर्शनी का अवलोकन कर जैविक, प्राकृतिक और हाईटेक खेती में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित किया। मेधावी विद्यार्थियों और कृषि जागरूकता में योगदान देने वाले सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को भी सम्मानित किया गया। किसानों ने स्मृति स्वरूप मुख्यमंत्री को पारंपरिक हल भेंट किया।
कार्यक्रम में जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह, महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव, विधायक नारायण पटेल, विधायक श्रीमती छाया मोरे, नगर निगम अध्यक्ष अनिल विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में किसान और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
:: मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं ::
खंडवा में नई पुलिस बटालियन की स्थापना।
मूंदी-खंडवा सड़क निर्माण के लिए 15 सितंबर से पहले टेंडर जारी होंगे।
वर्षाकाल के बाद दिन में भी सिंचाई के लिए बिजली उपलब्ध कराई जाएगी।
प्राकृतिक खेती, जैविक कृषि और फसल विविधीकरण को बढ़ावा।
ड्रोन एवं आधुनिक कृषि तकनीकों के उपयोग को प्रोत्साहन।
दुग्ध उत्पादन की हिस्सेदारी 9 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत करने का लक्ष्य।