चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

इंदौर

इन्दौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव द्वारा अमर क्रांतिकारी शहीद चंद्रशेखर आजाद की पुण्यतिथि के अवसर पर चंदन नगर चौराहे पर स्थापित उनकी प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर माल्यार्पण किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, क्षेत्रीय पार्षद महेश चौधरी सहित जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय रहवासी उपस्थित रहे। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के पश्चात महापौर पुष्यमित्र भार्गव द्वारा ‘संकल्प से समाधान’ अभियान के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 1 के संपूर्ण क्षेत्र का व्यापक भ्रमण किया गया। भ्रमण के दौरान चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया गया तथा साफ-सफाई, पेयजल, सड़क, नाली, प्रकाश व्यवस्था सहित विभिन्न नागरिक सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए। महापौर ने क्षेत्रीय नागरिकों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ‘संकल्प से समाधान’ अभियान का उद्देश्य जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित कर नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करना है।