भोपाल । एम्स भोपाल देश में जनस्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए समाज को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 फरवरी 2026 को प्रातः 11:30 बजे अजमेर, राजस्थान में 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए राष्ट्रव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया, जिसमें ऑनलाइन सक्रिय लिंक के माध्यम से सहभागिता सुनिश्चित की गई। यह ऐतिहासिक पहल भारत की सार्वजनिक स्वास्थ्य यात्रा में एक निर्णायक कदम है और महिलाओं में गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की रोकथाम की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति का प्रतीक है।
इस अवसर पर एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक एवं सीईओ, प्रो. (डॉ.) माधवानन्द कर ने एक वीडियो संदेश जारी करते हुए गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की रोकथाम में एचपीवी टीकाकरण की महत्त्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला तथा आमजन में जागरूकता बढ़ाने और पात्र बालिकाओं के समय पर टीकाकरण की अपील की।
साथ ही, प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग, एम्स भोपाल ने विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) के. पुष्पलता के नेतृत्व में विभागीय सेमिनार कक्ष में ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम में सामूहिक सहभागिता की, जिसमें विभाग के लगभग 50 प्रतिभागियों—संकाय सदस्य, नर्सिंग स्टाफ, प्रशिक्षु, हाउस स्टाफ एवं कार्यालयीन कर्मचारी—ने भाग लिया और एचपीवी टीकाकरण से संबंधित महत्वपूर्ण संदेशों को समझते हुए समुदाय से जुड़कर अभियान में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
इसके अतिरिक्त, इस अभियान के अंतर्गत एम्स भोपाल के टीकाकरण क्लिनिक में उन बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है, जिन्होंने 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है, परंतु 15 वर्ष की आयु पूर्ण नहीं की है, तथा अभिभावक निर्धारित आयु की पात्र बालिकाओं को टीकाकरण हेतु ला सकते हैं। इस प्रकार, एचपीवी टीका गर्भाशय ग्रीवा कैंसर को रोकने का एक प्रभावी साधन है और यह अभियान महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जबकि एम्स भोपाल विभिन्न राष्ट्रीय जनस्वास्थ्य पहलों में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए समाज को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

