प्रदर्शन कर पुतला फूंकते भाजपाई।
शाजापुर । महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के मुद्दे पर शाजापुर में भारतीय जनता पार्टी का कड़ा आक्रोश देखने को मिला। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के पूर्व प्रोफेसर और वर्तमान में इनर मणिपुर से कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम पर 11 छात्राओं द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोपों के बाद जिले का राजनीतिक पारा गरमा गया है। भाजपा और उसके महिला मोर्चे ने इस कृत्य को निंदनीय बताते हुए न सिर्फ आरोपी सांसद का पुतला फूंका, बल्कि पीडि़त छात्राओं के लिए त्वरित न्याय की गुहार लगाई है। इस घटना के विरोध में सोमवार को स्थानीय बस स्टैंड पर जिला भाजपा एवं महिला मोर्चा के बैनर तले एक धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर कांग्रेस पार्टी और आरोपी सांसद के खिलाफ सड़क पर उतरकर जमकर नारेबाजी की। इसके पश्चात आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने सांसद का पुतला दहन कर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान कई महिला कार्यकर्ता इस घटना को लेकर अत्यधिक गुस्से में नजर आईं। इस उग्र प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रवि पांडे और महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष अनिता पाटीदार ने किया, जिसमें पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। भाजपाइयों ने सीधा निशाना कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर साधते हुए राहुल गांधी से मांग की है कि वह अपना रुख स्पष्ट करें और ऐसे गंभीर आरोपों से घिरे सांसद को तुरंत प्रभाव से पार्टी से निष्कासित करें। प्रदर्शनकारियों ने कड़े शब्दों में कहा कि शिक्षण संस्थान देश का भविष्य गढ़ने वाले पवित्र केंद्र होते हैं, जहां छात्राओं की सुरक्षा और उनका सम्मान सबसे ऊपर होना चाहिए। एक शिक्षाविद् और जनप्रतिनिधि पर इस तरह के घिनौने आरोप लगना पूरे समाज के लिए गहरी चिंता का विषय है। भाजपा नेताओं ने एक स्वर में मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और महिला सुरक्षा के ऐसे संवेदनशील मुद्दे पर बिना किसी राजनीतिक भेदभाव के दोषियों पर कठोरतम कार्रवाई की जाए, ताकि पीडि़त छात्राओं को न्याय मिल सके।

