नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के चुनावी माहौल के बीच दावा किया है कि राज्य की जनता भाजपा के विकास एजेंडे के साथ खड़ी है। उन्होंने आसनसोल रैली की झलकियां साझा करते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को जनता अब स्वीकार नहीं करेगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए कहा, आसनसोल में रैली के दौरान जनता का उत्साह यह दिखाता है कि पश्चिम बंगाल बदलाव के लिए तैयार है। करीब 1 मिनट 18 सेकंड के इस वीडियो में बड़ी संख्या में लोग रैली में मौजूद नजर आए, जो प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करते हुए समर्थन में नारे लगा रहे थे। रैली के दौरान एक खास दृश्य भी सामने आया, जहां एक व्यक्ति ने प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर और पश्चिम बंगाल के नक्शे के साथ एक पोस्टर प्रदर्शित किया। इस पोस्टर में भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था, घुसपैठ, महिला सुरक्षा और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को उठाते हुए राज्य को बचाने की अपील की गई थी।
आसनसोल में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए नरेंद्र मोदी ने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में सिंडिकेट और माफिया तंत्र सक्रिय है, जो संसाधनों की लूट में लगा है। साथ ही चेतावनी दी कि चुनाव परिणाम आने के बाद दोषियों को जवाब देना होगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस से लेकर तृणमूल कांग्रेस तक की सरकारों ने पश्चिम बंगाल को विकास से दूर रखा है और भाजपा का सुशासन ही राज्य को नई दिशा दे सकता है। उन्होंने ममता सरकार पर राज्य को ‘अंधकार युग’ में ले जाने का आरोप भी लगाया।
उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चुनाव में भाजपा की ‘डबल इंजन सरकार’ बनेगी और 4 मई के बाद पश्चिम बंगाल विकास के नए दौर में प्रवेश करेगा।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा के लिए दो चरणों में मतदान होना है। पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर और दूसरे चरण में 29 अप्रैल को 142 सीटों पर वोट डाले जाएंगे, जबकि नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।

