कनमाडीकर ट्रॉफी : चंबल के रणबांकुरों के सिर सजा खिताबी ताज

इंदौर

:: पहली पारी की 178 रनों की निर्णायक बढ़त ने इंदौर को खिताबी दौड़ से किया बाहर ::
इंदौर । मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एमपीसीए) द्वारा आयोजित ए.डब्ल्यू. कनमाडीकर ट्रॉफी (बॉयज अंडर-13) के फाइनल मुकाबले में चंबल ने इंदौर के विरुद्ध शानदार खिताबी जीत दर्ज की। रमेश भाटिया क्रिकेट फाउंडेशन मैदान पर खेले गए इस तीन दिवसीय फाइनल का परिणाम तकनीकी रूप से अनिर्णित (ड्रॉ) रहा, लेकिन पहली पारी में हासिल की गई 178 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त के आधार पर चंबल को विजेता घोषित किया गया।
मैच के तीसरे और अंतिम दिन चंबल ने अपनी दूसरी पारी में 54/4 के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया। क्रीज पर मौजूद आरव वशिष्ठ और माहिर खान ने इंदौर के गेंदबाजों की चुनौती का डटकर सामना किया। पहली पारी में शतक से चूके माहिर खान ने दूसरी पारी में भी 67 रनों की तेजतर्रार पारी खेली, जबकि आरव वशिष्ठ ने 60 रन बनाए। इन दोनों बल्लेबाजों की पारियों और कृष्णा तोमर (38 रन) व प्रभात तिवारी (24 रन) के उपयोगी योगदान की मदद से चंबल ने अपनी दूसरी पारी में 252 रन बनाए। पहली पारी की 178 रनों की बढ़त को मिलाकर इंदौर के सामने जीत के लिए 431 रनों का विशाल और लगभग असंभव लक्ष्य खड़ा हो गया। इंदौर की ओर से अथर्व जायसवाल ने 3 और प्रणय व प्रथम ने 2-2 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेजबान इंदौर की टीम ने संभलकर शुरुआत की। सलामी बल्लेबाज पवित्र पाटिल ने एक छोर संभाले रखा और 33 रन बनाकर नाबाद रहे। इंदौर ने दूसरी पारी में 55 ओवरों के खेल के बाद 1 विकेट के नुकसान पर 71 रन बनाए थे, तभी समय समाप्ति के कारण अंपायरों ने मैच ड्रॉ घोषित कर दिया। चूंकि चंबल ने पहली पारी में 178 रनों की निर्णायक बढ़त हासिल की थी, इसलिए नियमानुसार चंबल ट्रॉफी का हकदार बना।
मैच के समापन पर स्वर्गीय ए.डब्ल्यू. कनमाडीकर जी की पुत्रवधू सुफला कनमाडीकर और प्रपौत्र नवल कनमाडीकर ने एमपीसीए मैच ऑब्जर्वर अमरदीप सिंह पठानिया की उपस्थिति में विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की। एमपीसीए ने सभी टीमों के शानदार प्रदर्शन की सराहना की है।
:: संक्षिप्त स्कोर ::
चंबल (पहली पारी) : 249/10 (आरव वशिष्ठ 96, माहिर खान 92; आराध्य वर्मा 6 विकेट)
इंदौर (पहली पारी) : 71/10 (प्रीत चोपड़ा 22; दिव्यांश पाराशर 5 विकेट)
चंबल (दूसरी पारी) : 252/10 (माहिर खान 67, आरव वशिष्ठ 60; अथर्व जायसवाल 3 विकेट)
इंदौर (दूसरी पारी) : 71/1 (पवित्र पाटिल 33 नाबाद)
परिणाम : मैच अनिर्णित, चंबल पहली पारी की बढ़त के आधार पर विजेता।