इन्फ्लुएंसर्स से बोले सीएम- खेती और पशुपालन की सफलता की कहानियां पहुंचाएं जन-जन तक

इंदौर

नशे के अवैध कारोबार पर होगी सख्त कार्रवाई; 19 धार्मिक शहरों में शराबबंदी ::
इंदौर में बलराम कृषि महोत्सव के दौरान युवाओं से संवाद, कृषि योजनाओं पर रील्स बनाने का किया आह्वान ::
इंदौर । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स किसानों और युवाओं तक बदलाव की कहानियां पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन सकते हैं। वे कृषि, पशुपालन और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर केंद्रित रील्स बनाकर किसानों को नई जानकारी और अवसरों से जोड़ें।
मुख्यमंत्री बुधवार को लक्ष्मीबाई नगर कृषि उपज मंडी में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव के दौरान सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने युवा कंटेंट क्रिएटर्स से आत्मीय संवाद किया और कृषि से जुड़े उनके सवालों के जवाब दिए।
डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार पशुपालन और डेयरी उद्योग को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में पशुधन बढ़ाने और दुग्ध उत्पादन में वृद्धि के लिए योजनाबद्ध प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने किसानों से फसल चक्र में बदलाव करने और कम अवधि वाली फसलों को अपनाने की अपील की, ताकि मिट्टी की उर्वरता बनी रहे और मौसम की मार से नुकसान कम हो।
:: नशे के कारोबारियों पर शिकंजा ::
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा समाज और परिवारों को नुकसान पहुंचाता है। प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी स्थिति में नहीं चलने दिया जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने उज्जैन, ओंकारेश्वर और ओरछा सहित प्रदेश के 19 धार्मिक शहरों में शराबबंदी लागू की है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
:: गोवंश और डेयरी विकास पर जोर ::
मुख्यमंत्री ने वृद्ध और लावारिस गोवंश की समस्या के समाधान के लिए उन्नत नस्ल के बछड़े तैयार करने की योजना का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि हिरण्य गर्भा योजना के माध्यम से उन्नत नस्ल के पशुओं से दुग्ध उत्पादन बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी फसल और भूमि की जरूरत के अनुसार पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध कराया जा रहा है। डिजिटल व्यवस्था से उर्वरक वितरण में पारदर्शिता बढ़ी है और कालाबाजारी पर नियंत्रण हुआ है।
:: किसानों की कहानियां बनी प्रेरणा ::
सम्मेलन में शामिल युवा किसानों और इन्फ्लुएंसर्स ने अपने अनुभव साझा किए। शाजापुर के प्रवीण धाकड़ ने सब्जी उत्पादन और फूड प्रोसेसिंग यूनिट की संभावनाओं पर चर्चा की। सीहोर के टीकम सांखला ने बताया कि वे 70 पशुधन के साथ खेती कर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
किसानों और इन्फ्लुएंसर्स ने मुख्यमंत्री से मालवी और निमाड़ी बोली में भी संवाद किया।
कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक मधु वर्मा, मालिनी गौड़, गोलू शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।