इन्दौर | पुलिस विभाग में लगातार चल रहें आपरेशन क्लीन के बावजूद पुलिसकर्मी रिश्वतखोरी या अमर्यादित आचरण से बाज नहीं आ रहे हैं। हालांकि विभाग द्वारा उनके खिलाफ लगातार कार्रवाई की रही है। ऐसा ही एक मामला किराएदार सत्यापन को लेकर 200 रूपए मांगने का उजागर हुआ है। जिसका विडियो सोशल साइट्स पर वायरल होने के बाद एसीपी तक पहुंचा तो उन्होंने कार्रवाई करते दोषी पुलिसकर्मी को तुरंत थाने से हटा दिया। मामला राजेंद्र नगर थाने का है जहां पदस्थ होमगार्ड सैनिक ने किराएदार का सत्यापन करने के लिए 200 रुपए की रिश्वत ली। सोशल साइट्स पर इसका वीडियो वायरल होने के बाद एसीपी निधि सक्सेना ने उसको थाने से हटा दिया है। प्राप्त जानकारी अनुसार होमगार्ड सैनिक संजय भदौरिया ने किराएदार का सत्यापन करने के दौरान कागजों में कमी बताकर मकान मालिक से 200 रुपए मांगे। मकान मालिक ने पैसे दिए, तो संजय ने लेकर रख लिए। इसका वीडियो सोशल साइट्स पर वायरल होने के बाद एसीपी तक पहुंच गया। उन्होंने सैनिक को तुरंत थाने से लाइन अटैच कर उसे वापस उसके मूल विभाग में भेज दिया। एसीपी निधि सक्सेना के अनुसार वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और प्रारंभिक स्तर पर शिकायत को गंभीरता से लिया गया है। मामले में विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

