इन्द्रेश उपाध्याय की भागवत कथा के लिए एक लाख वर्गफीट में पांडाल तैयार

इंदौर

23 से 29 अक्टूबर तक आयोजन; 20 हजार श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था, राधाकृष्ण की छवि वाली व्यास पीठ होगी आकर्षण ::
इंदौर । वृंदावन के युवा कथा वाचक इन्द्रेश उपाध्याय की श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ कथा के लिए एमआर-10 स्थित स्टार चौराहे पर एक लाख वर्गफीट में विशाल वाटरप्रूफ पांडाल तैयार किया गया है। 23 से 29 अक्टूबर तक प्रतिदिन दोपहर 3 से शाम 7 बजे तक होने वाली कथा में प्रतिदिन करीब 15 से 20 हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। राधाकृष्ण की मनोहारी छवि वाली व्यास पीठ आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगी।
आयोजन के मनोरथी गोयल परिवार (गोयल ग्रीन) के मार्गदर्शन में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। बुजुर्गों के लिए कुर्सियों और अन्य श्रद्धालुओं के लिए भारतीय पद्धति से बैठक व्यवस्था की गई है। कथा का सहज श्रवण सुनिश्चित करने के लिए पांडाल में 12 मेगा स्क्रीन लगाई जा रही हैं।
:: दो हजार दोपहिया और 800 कारों की पार्किंग ::
कथा स्थल पर दो हजार दोपहिया और 800 चारपहिया वाहनों की निशुल्क पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पेयजल, महिला-पुरुषों के लिए अलग वाशरूम, रोशनी, साफ-सफाई और प्राथमिक चिकित्सा के इंतजाम भी किए गए हैं। सुरक्षा के लिए मैदान और आसपास 40 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने पर पांडाल का विस्तार करने की व्यवस्था भी रखी गई है।
आयोजकों के अनुसार, इन्द्रेश उपाध्याय पहली बार इंदौर में सार्वजनिक रूप से भागवत कथा करेंगे। इसे लेकर इंदौर सहित मालवांचल के विभिन्न शहरों और कस्बों के श्रद्धालुओं में उत्साह है। इन्द्रेशजी अपनी टीम के साथ 23 अक्टूबर की सुबह इंदौर पहुंचेंगे।
:: कथा के साथ तीन दिन विशेष उत्सव ::
भागवत कथा के दौरान 26 अक्टूबर को शरद रासोत्सव, 27 अक्टूबर को शरद दीपोत्सव और 28 अक्टूबर को शरद छप्पन भोग का आयोजन किया जाएगा। नियमित कथा के बाद होने वाले इन विशेष उत्सवों की भी तैयारियां की जा रही हैं।