:: गोदा से नर्मदा जलयात्रा का महेश्वर में भव्य समापन; मुख्यमंत्री बोले- सनातन संस्कृति की गौरव हैं देवी अहिल्या ::
महेश्वर/इंदौर । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि लोकमाता देवी अहिल्या बाई होल्कर ने एक आदर्श योद्धा, शक्तिशाली शासिका और पुण्यश्लोका के रूप में सनातन संस्कृति को गौरवान्वित किया है। अहिल्यादेवी के स्थापित जीवन आदर्श ही मध्यप्रदेश सरकार के लिए सुशासन की प्रेरणा हैं। मुख्यमंत्री बुधवार को महेश्वर के ऐतिहासिक अहिल्याघाट पर महाराष्ट्र शासन द्वारा आयोजित ‘गोदा से नर्मदा’ जलयात्रा के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
डॉ. यादव ने कहा कि महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश अपनी साझा सांस्कृतिक विरासत के कारण जुड़वां भाई की तरह हैं। लोकमाता की विरासत की व्यापकता इसी से सिद्ध होती है कि उन्हें समर्पित जलयात्रा का शुभारंभ एक प्रदेश के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस करते हैं और समापन दूसरे प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा किया जाता है। उन्होंने जल संरक्षण के इस अनूठे प्रयास के लिए महाराष्ट्र शासन का अभिनंदन किया।
:: महेश्वर में बनेगा देवी अहिल्यालोक ::
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि महेश्वर में शीघ्र ही देवी अहिल्यालोक का निर्माण शुरू होगा, जिसका भूमि-पूजन जल्द किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए महेश्वर को फोरलेन हाईवे से जोड़ा जा रहा है। लोकमाता के पदचिन्हों पर चलते हुए सरकार धार्मिक नगरियों को हेली सेवा से जोड़ने और देवस्थानों के सुप्रबंधन का कार्य कर रही है।
:: 130 नदियों का जल और चोंडी की मिट्टी लेकर पहुंचे श्रद्धालु ::
महाराष्ट्र के जल संसाधन मंत्री डॉ. राधाकृष्ण विखे-पाटिल ने बताया कि 25 अप्रैल को चोंडी (लोकमाता की जन्मस्थली) से शुरू हुई यह यात्रा महाराष्ट्र के 5 और मध्यप्रदेश के 3 जिलों से गुजरी। यात्रा के दौरान गोदावरी सहित 130 नदियों का जल और पवित्र मिट्टी महेश्वर लाई गई है, जिसका उपयोग राजवाड़ा परिसर में बेलपत्र के पौधरोपण के लिए किया जाएगा। राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि डॉ. यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में आ रही जलक्रांति वास्तव में लोकमाता के आदर्शों का ही उत्सव है।
:: नर्मदा की लहरों पर गूंजा नर्मदे हर ::
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने अहिल्याघाट पर विधि-विधान से मां नर्मदा की महाआरती की। आकर्षक आतिशबाजी और नर्मदाष्टक के भक्तिमय स्वरों के बीच उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने छत्रपति शिवाजी महाराज और लोकमाता अहिल्यादेवी की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि भी अर्पित की।
इस अवसर पर लोकमाता के वंशज यशवंतराव होलकर, केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर, सांसद शंकर लालवानी, ज्ञानेश्वर पाटिल, विधायक राजकुमार मेव, सचिन बिरला, बालकृष्ण पाटीदार सहित बड़ी संख्या में वारकरी समुदाय के लोग और श्रद्धालु उपस्थित थे।

