ऋषिकेश । उत्तराखंड के ऋषिकेश में शुक्रवार रात एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया, जहां वीरभद्र रोड स्थित एक निजी होटल में लिफ्ट के पांचवीं मंजिल से अचानक नीचे गिरने से 22 पत्रकार गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद होटल में अफरा-तफरी मच गई। सभी घायल पत्रकारों को तत्काल अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है, जहां कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, फरीदाबाद से ऋषिकेश घूमने आए पत्रकारों का एक दल इसी होटल में ठहरा हुआ था। शुक्रवार रात खाना खाने के बाद सभी पत्रकार लिफ्ट से भूतल (ग्राउंड फ्लोर) की ओर उतर रहे थे, तभी अचानक लिफ्ट का तार टूट गया और वह सीधे नीचे आ गिरी।
इस भयावह दुर्घटना में वरुण कुमार, मनोज सूर्यवंशी, रुपेश कुमार, चेतन सिंह और जय प्रकाश सहित कई पत्रकार घायल हो गए। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जिनमें से एक पत्रकार के दोनों पैरों में फ्रैक्चर की सूचना है। मौके पर मौजूद अन्य लोगों और घायल पत्रकारों ने होटल प्रबंधन पर लिफ्ट के रखरखाव में घोर लापरवाही का आरोप लगाया है, उनका कहना है कि लिफ्ट की स्थिति संतोषजनक नहीं थी।
सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस की सहायता से एम्स ऋषिकेश पहुंचाया। एम्स चौकी प्रभारी देवेंद्र पंवार ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है और होटल प्रबंधन से लिफ्ट के रखरखाव से संबंधित सभी दस्तावेज मांगे गए हैं। फिलहाल किसी भी पक्ष से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस हादसे ने पर्यटन स्थलों पर स्थित होटलों में सुरक्षा व्यवस्था और लिफ्ट के नियमित रखरखाव की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त निगरानी की आवश्यकता पर बल मिलता है।

