मनमोहन सिंह के आर्थिक सुधारों ने विकास की दिशा बदलने में अहम भूमिका निभाई

ताज़ा खबर देश-विदेश

पूर्व प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर पीएम मोदी, खड़गे समेत कई नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की
नई दिल्ली,(ईएमएस)। पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह की जयंती पर पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी और देश के प्रति उनके योगदान को याद किया। मोदी ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह ने सार्वजनिक जीवन में कई साल बिताए और पूरी निष्ठा के साथ देश की सेवा की। उन्होंने उनके अमूल्य योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने डॉ. मनमोहन सिंह के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके ऐतिहासिक आर्थिक सुधारों ने भारत के विकास की दिशा बदलने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि डॉ. सिंह की विनम्रता, ईमानदारी और समझदारी उनके सार्वजनिक जीवन की पहचान रही। खड़गे के मुताबिक उन्होंने समावेशी विकास और कमजोर वर्गों के कल्याण को शासन के केंद्र में रखा। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने भी उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि एक कुशल अर्थशास्त्री और सफल राजनेता के रूप में डॉ. मनमोहन सिंह ने भारत के विकास को गति दी।
राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने उनकी विद्वता, सौम्यता और सरलता को प्रेरणादायक बताया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने भी डॉ: मनमोहन सिंह को याद किया। दोनों ने देश के विकास और सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान को अहम बताया। कांग्रेस कार्यालय के बाहर भी उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि स्वरूप होर्डिंग लगाए गए।
डॉ. मनमोहन सिंह भारत के 13वें प्रधानमंत्री रहे। वे अर्थशास्त्री के साथ वित्त मंत्री और भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर भी रहे। आर्थिक सुधारों और उदारीकरण की नीतियों में उनकी अहम भूमिका रही। 26 सितंबर 1932 को जन्मे डॉ. सिंह का 26 दिसंबर 2024 को 92 साल की उम्र में निधन हुआ था।