:: संभागायुक्त कार्यालय में हुई उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक; जल चोरों और अवैध मोटर चलाने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई, टंकियों का पूर्ण क्षमता से होगा उपयोग ::
इंदौर । शहर में गहराते जल संकट को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार रात संभागायुक्त कार्यालय में आपात समीक्षा बैठक ली। मुख्यमंत्री ने जल वितरण व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने दोटूक कहा कि संकटग्रस्त वार्डों के लिए तत्काल विशेष जलापूर्ति योजना लागू की जाए और प्रभावित क्षेत्रों को प्राथमिकता के आधार पर राहत पहुंचाई जाए। हर स्तर पर अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी, किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निर्देश दिए कि शहर में 24 घंटे संचालित होने वाले जल नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) के माध्यम से प्रतिदिन सुबह और शाम जलापूर्ति की क्लोज मॉनिटरिंग की जाए। नलों से होने वाली जल सप्लाई के समय में जो विसंगतियां और असमानता है, उसे तत्काल दूर कर सभी क्षेत्रों में संतुलित वितरण सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि शासकीय महाविद्यालयों, हॉस्टलों और अन्य आवासीय संस्थानों में पानी की उपलब्धता की विशेष चिंता की जाए। इसके साथ ही पानी की चोरी करने वालों और मोटरों के माध्यम से अवैध रूप से पानी खींचने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
:: टैंकरों की होगी मिनट-टू-मिनट मॉनिटरिंग ::
बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर की बड़ी जल टंकियों का उपयोग उनकी पूर्ण क्षमता के साथ किया जाए। निजी और नगर निगम के जितने भी टैंकर चल रहे हैं, उनकी मिनट-टू-मिनट मॉनिटरिंग होनी चाहिए ताकि जनता को समय पर पानी मिल सके। पाइपलाइन में होने वाले लीकेज और डिस्ट्रीब्यूशन लॉस (वितरण हानि) को तत्काल सुधारा जाए ताकि पानी की एक-एक बूंद को व्यर्थ बहने से रोका जा सके।
मुख्यमंत्री ने बताया कि भोपाल से वरिष्ठ अपर मुख्य सचिव स्तर के अधिकारी पहले भी इंदौर आकर स्थिति का जायजा ले चुके हैं, आवश्यकता होने पर उन्हें दोबारा भेजा जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों और नागरिक समितियों के साथ निरंतर संवाद व समन्वय बनाए रखने तथा जल संकट की स्थिति की दैनिक रिपोर्ट मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) को भेजने के निर्देश दिए।
:: बैठक में ये रहे मौजूद ::
इस उच्च स्तरीय बैठक में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, विधायक मालिनी गौर, विधायक मधु वर्मा, विधायक गोलू शुक्ला, महापौर पुष्यमित्र भार्गव सहित इंदौर के तमाम वरिष्ठ प्रशासनिक व निगम अधिकारी उपस्थित थे।


1 thought on “जल संकट पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव सख्त; बोले- संकटग्रस्त वार्डों के लिए बनाएं विशेष योजना, लापरवाही बर्दाश्त नहीं”
Comments are closed.