बोले- सरकार परिवार के साथ खड़ी है, अवैध शराब और अपराध में शामिल लोगों पर होगी सख्त कार्रवाई ::
धार/इंदौर । उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा मंगलवार को धार जिले के ग्राम बरमंडल पहुंचे। यहां उन्होंने दिवंगत टीआई दिलीप पुरी के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया। देवड़ा ने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरी सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना भी की।
देवड़ा ने कहा कि अवैध शराब और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। अपराध में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर एसआईटी गठित कर मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

