आलीराजपुर में बड़ी कार्रवाई : 34,720 बल्क लीटर अवैध मदिरा नष्ट, 44 प्रकरणों में हुआ निराकरण

मध्य प्रदेश

:: कलेक्टर नीतू माथुर के निर्देशन में आबकारी और पुलिस विभाग ने संयुक्त रूप से की वैधानिक कार्रवाई ::
आलीराजपुर/इंदौर । जिला प्रशासन द्वारा अवैध मदिरा के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी एवं पुलिस विभाग ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर नीतू माथुर के निर्देशन में शासन के निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं वैधानिक प्रावधानों के अनुरूप 44 प्रकरणों में जब्त की गई अवैध मदिरा का विधिवत नष्टीकरण किया गया।
आबकारी विभाग के अनुसार, नष्ट की गई मदिरा उन मामलों से संबंधित थी जिनमें सक्षम न्यायालय द्वारा अंतिम निर्णय पारित किया जा चुका था और अपील की निर्धारित अवधि भी समाप्त हो चुकी थी। जिला अभियोजन अधिकारी से प्राप्त प्रमाण-पत्रों तथा समस्त वैधानिक औपचारिकताओं की पूर्ति के पश्चात इस कार्रवाई को अमलीजामा पहनाया गया।
कार्रवाई के दौरान लगभग 34,720 बल्क लीटर अवैध मदिरा को नष्ट किया गया। यह पूरी प्रक्रिया आबकारी एवं पुलिस विभाग के उच्चाधिकारियों की प्रत्यक्ष उपस्थिति में पूर्णतः पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से संपन्न हुई। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन, संग्रहण और विक्रय के विरुद्ध लगातार कठोर अभियान चलाए जा रहे हैं।
उन्होंने सचेत किया कि ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त वैधानिक कदम उठाए जाएंगे। इस प्रकार की निरंतर कार्रवाइयों से न केवल अवैध मदिरा के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगेगा, बल्कि आमजन के स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा की रक्षा भी सुनिश्चित की जा सकेगी।

1 thought on “आलीराजपुर में बड़ी कार्रवाई : 34,720 बल्क लीटर अवैध मदिरा नष्ट, 44 प्रकरणों में हुआ निराकरण

Comments are closed.