सुरक्षा गार्डों की फायरिंग मामले में घिरे खान सर

ताज़ा खबर देश

मामला दर्ज होने के बाद सर हुए भूमिगत
पटना । देश भर में चर्चित बिहार के कोचिंग शिक्षक फैसल खान उर्फ खान सर इस समय गंभीर कानूनी पचड़े में फंस गए हैं। उनके सुरक्षा कर्मियों द्वारा की गई फायरिंग के मामले में खान सर के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की गई है। पुलिस की बढ़ती दबिश के बीच उनके कभी भी गिरफ्तार होने की संभावना जताई जा रही है, जिसके चलते खान सर फिलहाल भूमिगत हो गए हैं। बीती रात पटना पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी करती रही, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। इस बीच कयास लगाए जा रहे हैं कि वे गिरफ्तारी से बचने के लिए सीधे अदालत में आत्मसमर्पण कर सकते हैं।
दूसरी तरफ, इस बड़ी कार्रवाई के बाद खान सर के कोचिंग संस्थान खान ग्लोबल स्टडीज के बाहर रात भर उनके समर्थकों और छात्रों की भारी भीड़ जमा रही। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस की गाड़ियां लगातार इलाके में गश्त करती रहीं। छात्रों के भारी हुजूम और संभावित आक्रोश को भांपते हुए प्रशासन बेहद फूंक-फूंककर कदम रख रहा है। शनिवार सुबह से ही कोचिंग सेंटर के आसपास सुरक्षा बलों की तैनाती काफी बढ़ा दी गई है, क्योंकि वहां छात्रों का जुटना लगातार जारी है। सूत्रों के मुताबिक, खान सर इस समय अपने वकीलों के जरिए कानूनी सलाह ले रहे हैं।
इस पूरे विवाद में नया मोड़ गुरुवार को तब आया, जब कोचिंग सेंटर पर हुए हमले के दौरान खान सर के निजी सुरक्षा गार्डों द्वारा फायरिंग करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो गार्डों को गिरफ्तार कर उनके हथियार जब्त कर लिए। पूछताछ में दोनों गार्डों ने स्वीकार किया कि उन्होंने खान सर के आदेश पर ही गोलियां चलाई थीं। इस कबूलनामे के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और पटना आईजी की अगुवाई में एक उच्च स्तरीय बैठक हुई, जिसके बाद खान सर पर शिकंजा कस दिया गया।
पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि वीडियो में फायरिंग करते दिख रहे आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और पुलिस अन्य पुख्ता सबूत जुटा रही है। जांच में जिनके खिलाफ भी साक्ष्य मिलेंगे, उन्हें निश्चित रूप से गिरफ्तार किया जाएगा। हालांकि पुलिस कानून-व्यवस्था बिगड़ने के डर से फूंक-फूंक कर बयान दे रही है, लेकिन अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि खान सर की गिरफ्तारी तय मानी जा रही है। इससे पहले एक अन्य कोचिंग संचालक रोशन सर को भी इन्हीं गंभीर आरोपों के तहत जेल भेजा जा चुका है, जिसके कारण पुलिस सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सावधानी बरत रही है।