इंदौर पुलिस का बड़ा प्रहार : कॉम्बिंग गश्त में 1348 बदमाश चेके, 652 पर बड़ी कार्रवाई

इंदौर

:: पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में चारों जोन में सरप्राइज चेकिंग; ड्रोन से हुई हॉटस्पॉट की निगरानी, 257 वारंट तामील और 220 शराबी वाहन चालक धराए ::
इंदौर । शहर में अपराध और अपराधियों पर पूरी तरह से नकेल कसने के लिए इंदौर पुलिस ने बीती रात एक बड़ा और चौंकाने वाला एक्शन लिया है। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के दिशा-निर्देशन और एडिशनल कमिश्नर (क्राइम) आर.के. सिंह व एडिशनल कमिश्नर (कानून-व्यवस्था) मयंक अवस्थी के मार्गदर्शन में शहर के चारों जोन में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात से लेकर सुबह तक सरप्राइज चेकिंग और कॉम्बिंग गश्त की गई। इस महाभियान में सभी थानों का पुलिस बल, थाना प्रभारियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सड़क पर उतरा। इस दौरान पुलिस ने रिकॉर्ड 1348 गुंडे-बदमाशों और असामाजिक तत्वों को चेक किया, जिनमें से 652 के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की गई है।
अभियान के दौरान पुलिस ने अपराधियों के ठिकानों पर दबिश देकर लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों पर शिकंजा कसा। कुल 257 से ज्यादा वारंट तामील कराए गए, जिनमें 100 स्थाई वारंट, 72 गिरफ्तारी वारंट और 85 जमानती वारंट शामिल हैं। इसके साथ ही पुलिस ने 140 समंस भी तामील कराए।
:: ड्रोन से निगरानी, भरे डोजियर ::
इस पूरी गश्त के दौरान पुलिस ने तकनीकी का भी बखूबी इस्तेमाल किया। शहर के हॉटस्पॉट और शैडो (अंधेरे) एरिया में ड्रोन पेट्रोलिंग के जरिए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई। पुलिस ने विभिन्न श्रेणियों के करीब 703 से ज्यादा अपराधियों की सूची बनाकर उन्हें सीधे चेक किया। इनमें 283 गुंडे-बदमाश, 74 नकबजन, 43 लुटेरे, 102 चाकूबाज, 139 निगरानीशुदा बदमाश, 62 जिलाबदर व रासुका के अपराधी तथा महिला संबंधी अपराधों और आगजनी-तोड़फोड़ में संलिप्त तत्व शामिल थे। सभी सक्रिय और आदतन अपराधियों को थानों में तलब कर उनसे डोजियर भरवाए गए और सख्त हिदायत दी गई कि यदि दोबारा किसी भी प्रकार का अपराध किया, तो सीधे जेल के पीछे भेज दिया जाएगा।
:: नशेड़ियों पर कड़ा प्रहार ::
सड़क सुरक्षा को ताक पर रखकर दूसरों की जान जोखिम में डालने वाले 220 लापरवाह वाहन चालकों को पुलिस ने शराब पीकर गाड़ी चलाते हुए रंगे हाथों पकड़ा। इन सभी के खिलाफ 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की गई। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से जाम छलकाने वाले 23 लोगों और प्रतिबंधित नशीले व मादक पदार्थों का सेवन करने वाले 3 बदमाशों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए गए।
:: चाकूबाज दबोचे, 145 पर शिकंजा ::
अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए गए इस अभियान में थाना सदर बाजार, लसुड़िया, बाणगंगा और सराफा पुलिस को बड़ी सफलता मिली। इन चारों थानों ने अलग-अलग स्थानों से धारदार चाकू के साथ कुल 4 आरोपियों को दबोचकर उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की। इसके साथ ही, आदतन बदमाशों पर अंकुश लगाने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई, जिसमें धारा 170 में 45, धारा 129 में 10, धारा 126बी/135(3) में 81 और धारा 141-1ख में 9 बदमाशों सहित कुल 145 अपराधियों को कानून के दायरे में लाया गया।
इस कड़े एक्शन के बीच पुलिस अधिकारियों ने संवेदनशीलता का परिचय भी दिया। संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल भ्रमण के दौरान पुलिस ने स्थानीय नागरिकों से जनसंवाद किया और साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, नशे के गंभीर दुष्परिणाम और सड़क सुरक्षा के नियमों के प्रति जागरूक किया। पुलिस कमिश्नर के अनुसार, इंदौर शहर को सुरक्षित और अपराध मुक्त बनाए रखने के लिए अपराधियों के खिलाफ इस तरह की औचक और सख्त कार्रवाई आगे भी बिना रुके निरंतर जारी रहेगी।