प्लास्ट इंडिया 2026 : नई तकनीक सीखने दिल्ली रवाना हुआ इंदौर का प्रतिनिधिमंडल

इंदौर

:: केंद्र सरकार की रैंप योजना के तहत 15 उद्योगपति पहुंचे भारत मंडपम; शासन वहन करेगा पूरा खर्च ::
इंदौर । मध्यप्रदेश की एमएसएमई एवं स्टार्टअप इकाइयों को वैश्विक बाजार और नवीन औद्योगिक तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से भारत सरकार की रैंप (RAMP) योजना के अंतर्गत एक विशेष एक्सपोज़र विजिट का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में रविवार को इंदौर विमानतल से 15 उद्योग प्रतिनिधियों के एक दल ने नई दिल्ली के लिए प्रस्थान किया। यह दल नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय स्तर के औद्योगिक समागम प्लास्ट इंडिया 2026 में शिरकत करेगा, जो आगामी 10 फरवरी तक चलेगा।
महाप्रबंधक उद्योग स्वप्निल गर्ग ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य प्लास्टिक, पैकेजिंग और मशीनरी सेक्टर से जुड़ी प्रदेश की इकाइयों को आधुनिक मशीनरी, तकनीकी नवाचार और उत्पादन प्रक्रियाओं की जानकारी उपलब्ध कराना है। इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर उद्योगपतियों को निवेश और व्यापारिक नेटवर्किंग के व्यापक अवसर प्राप्त होंगे। राज्य स्तर पर इस योजना का क्रियान्वयन मध्यप्रदेश लघु उद्योग निगम (एमपी-एलयूएन) द्वारा किया जा रहा है, जो सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों की दक्षता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
विशेष बात यह है कि उद्योग प्रतिनिधियों के लिए यह एक्सपोज़र विजिट पूर्णतः निःशुल्क है। इसके अंतर्गत प्रतिनिधियों के हवाई यात्रा (फ्लाइट), होटल आवास एवं भोजन सहित समस्त व्यय शासन द्वारा वहन किया जा रहा है। विभाग का मानना है कि इस यात्रा से लौटकर उद्योगपति अपनी इकाइयों में नई तकनीकों का समावेश करेंगे, जिससे प्रदेश के औद्योगिक उत्पादन की गुणवत्ता और प्रतिस्पर्धात्मकता में वृद्धि होगी। विमानतल पर रवानगी के दौरान विभागीय अधिकारियों और उद्योग जगत के साथियों ने दल को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ विदा किया।