सिंहस्थ-2028 की तैयारी : इंदौर पुलिस के विशेष प्रशिक्षण शिविर का पहला चरण संपन्न, कमिश्नर ने बांटे प्रशस्ति पत्र

मध्य प्रदेश

:: दिसंबर 2026 तक चरणबद्ध तरीके से ट्रेंड होंगे इंदौर कमिश्नरेट के सभी पुलिसकर्मी; भीड़ नियंत्रण, अखाड़ा परंपरा और आपदा प्रबंधन का मिला पाठ ::
इंदौर । वर्ष 2028 में उज्जैन में आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध सिंहस्थ महापर्व को सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए इंदौर पुलिस ने अभी से कमर कस ली है। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार, डीआरपी लाइन इंदौर में आयोजित छह दिवसीय (1 जून से 6 जून 2026) विशेष सिंहस्थ प्रशिक्षण शिविर के पहले बैच का समापन हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने प्रशिक्षण पूरा करने वाले सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) आर.के. सिंह, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) श्रीमती सीमा अलावा और रक्षित निरीक्षक दीपक कुमार पाटील सहित प्रशिक्षणार्थी मौजूद रहे।
:: दिसंबर तक चलेगा महाअभियान ::
पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि सिंहस्थ विश्व के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक है, जिसमें करोड़ों श्रद्धालुओं का आगमन होता है। ऐसे विशाल समागम में बेहतर पुलिसिंग के लिए बल का दक्ष होना अनिवार्य है। यह प्रशिक्षण अभियान चरणबद्ध तरीके से दिसंबर 2026 तक निरंतर संचालित किया जाएगा, जिसमें 6-6 दिनों के विशेष मॉड्यूल के तहत इंदौर पुलिस कमिश्नरेट के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी तरह प्रशिक्षित किया जाएगा।
:: व्यवहार में संवेदनशीलता और सेवा-भाव पर जोर ::
शिविर के समापन पर पुलिस कमिश्नर ने जवानों से सीधा संवाद कर सिंहस्थ के दौरान रखी जाने वाली सावधानियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान श्रद्धालुओं के प्रति संवेदनशीलता, सेवा-भाव और संकट के समय त्वरित निर्णय लेने की क्षमता सबसे महत्वपूर्ण है। विशेषज्ञों द्वारा तैयार इस कोर्स में जवानों को तनाव प्रबंधन, जनसंपर्क कौशल और तकनीक आधारित आधुनिक पुलिसिंग के गुर सिखाए जा रहे हैं।
:: इन खास विषयों का मिला कड़ा प्रशिक्षण ::
6 दिनों के इस कड़े प्रशिक्षण मॉड्यूल में पुलिसकर्मियों को सिंहस्थ के इतिहास, अखाड़ों व साधु-संतों की परंपराओं के परिचय के साथ-साथ मेला क्षेत्र की भौगोलिक संरचना समझाई गई। इसके अलावा भीड़ मनोविज्ञान, क्राउड कंट्रोल, अग्नि सुरक्षा, वीआईपी सुरक्षा, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर क्राइम, सोशल मीडिया मैनेजमेंट और मानवाधिकारों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा गहन प्रशिक्षण दिया गया।
:: यातायात और परिवहन प्रबंधन पर विशेष फोकस ::
सिंहस्थ के दौरान उज्जैन और इंदौर संभाग में उत्पन्न होने वाले भारी वाहनों के दबाव को देखते हुए पुलिसकर्मियों को विशेष रूप से ट्रैफिक डायवर्जन, वैकल्पिक मार्ग योजना, पार्किंग मैनेजमेंट और आपातकालीन वाहनों (जैसे एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड) के निर्बाध संचालन के लिए अन्य विभागों के साथ तालमेल बिठाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।

1 thought on “सिंहस्थ-2028 की तैयारी : इंदौर पुलिस के विशेष प्रशिक्षण शिविर का पहला चरण संपन्न, कमिश्नर ने बांटे प्रशस्ति पत्र

Comments are closed.