:: महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने रखी आधारशिला; रेती मंडी, चंदन नगर और स्कीम 71 सहित कई क्षेत्रों के लाखों नागरिकों को मिलेगी राहत ::
इंदौर । पश्चिम इंदौर के बड़े हिस्से में जल संकट के स्थायी समाधान और भविष्य की जरूरतों को पूरा करने के लिए एक बड़ी जल परियोजना की शुरुआत की गई है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव द्वारा सोमवार को पश्चिम क्षेत्र की जल आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए 30 एमएलडी क्षमता के जीएसआर (ग्राउंड सर्विस रिजर्वायर) प्रोजेक्ट का भूमिपूजन किया गया। यह दूरगामी परियोजना रेती मंडी, रंगवासा, प्रगति नगर, ग्रेटर वैशाली, स्कीम 71, केट रोड, बीएसएफ क्षेत्र और चंदन नगर सहित आसपास के अनेक इलाकों के लाखों नागरिकों को दीर्घकालीन और सुदृढ़ जलापूर्ति सुनिश्चित करेगी।
इस अवसर पर जल कार्य प्रभारी अभिषेक शर्मा ‘बबलू’ ने बताया कि इंदौर की आबादी और आवासीय सीमाओं में पिछले कुछ वर्षों में तेजी से विस्तार हुआ है। नगर निगम की प्राथमिकता है कि शहर के हर नए और विस्तारित क्षेत्र तक बेहतर जल वितरण व्यवस्था पहुंचे। इसी दूरदर्शी सोच के साथ आने वाले 20 से 25 वर्षों की संभावित आवश्यकताओं का आकलन कर शहरी जल अधोसंरचना (वॉटर इंफ्रास्ट्रक्चर) को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
परियोजना के भूमिपूजन कार्यक्रम में नगर उपाध्यक्ष भारत पारख, पार्षद ओपी आर्य, योगेश गेदर, जीतू राठौर और महापौर प्रतिनिधि अंशुमन चौहान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय रहवासी तथा गणमान्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

