लाखों का पैकेज त्याग संयम पथ पर विनुषी; कंपनी सेक्रेटरी की नौकरी छोड़ लेंगी जैन दीक्षा

इंदौर

:: दो दिवसीय अभिनंदन समारोह कल से; कैबिनेट मंत्री चेतन कश्यप और मालिनी गौड़ होंगे शामिल ::
इंदौर । आधुनिक कॉर्पोरेट जगत की चकाचौंध और ऊंचे पैकेजों को पीछे छोड़ इंदौर की एक और मेधावी बेटी ने आत्म-कल्याण की राह चुनी है। कंपनी सेक्रेटरी (सीएस) और म्यूचुअल फंड मैनेजर के रूप में सफल करियर बनाने वाली विनुषी भंडारी अब जैन दीक्षा अंगीकार कर संयम के मार्ग पर चलेंगी। उनके इस वैराग्य पथ पर बढ़ते कदमों के सम्मान में साधुमार्गी जैन समता संघ द्वारा 3 और 4 अप्रैल को दो दिवसीय भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया जा रहा है।
संघ के अध्यक्ष पारस बोहरा एवं महामंत्री पिंकेश पगारिया ने बताया कि विनुषी का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा है। उन्होंने न केवल उच्च शिक्षा प्राप्त की, बल्कि पेशेवर दुनिया में भी अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। शनिवार को होने वाले मुख्य समारोह में राज्य के कैबिनेट मंत्री चेतन कश्यप मुख्य अतिथि और विधायक मालिनी गौड़ विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।
:: भजन संध्या और वरघोड़ा का आकर्षण ::
कार्यक्रम की शुरुआत शुक्रवार 3 अप्रैल को सुबह 9 बजे यशवंत निवास रोड स्थित समता भवन पर समता प्रसादी के साथ होगी। इसी दिन शाम 7:30 बजे रवींद्र नाट्यगृह में भव्य गुरु भक्ति और भजन संध्या का आयोजन किया गया है। शनिवार 4 अप्रैल को सुबह 8:15 बजे जावरा कंपाउंड स्थित उनके निवास से भव्य वरघोड़ा (शोभायात्रा) निकलेगा। रजत रथ पर सवार विनुषी अपनी गृहस्थी की सामग्रियों का त्याग (लुटाते हुए) करते हुए निकलेंगी, जो उनके सांसारिक जीवन से विदा लेने का प्रतीक होगा।
:: रवींद्र नाट्यगृह में होगा महा-अभिनंदन ::
यह वरघोड़ा शहर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ सुबह 10 बजे रवींद्र नाट्यगृह पहुंचेगा, जहाँ विभिन्न श्रीसंघों और संगठनों द्वारा मुमुक्षु विनुषी का भावभीना अभिनंदन किया जाएगा। समारोह में पूज्य आदित्य मुनि म.सा. एवं साध्वी श्रीकांता श्रीजी म.सा. का पावन सानिध्य प्राप्त होगा। इस गरिमामयी अवसर पर अखिल भारतीय साधुमार्गी जैन संघ, महिला संघ और युवा संघ के राष्ट्रीय पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे।