निगमायुक्त का एक्शन मोड : सफाई व्यवस्था का किया औचक निरीक्षण, नदारद कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश

इंदौर

झोन 2, 13 और 18 के वार्डों में पहुँचे क्षितिज सिंघल; मैकेनिक नगर में सफाई अमले की अनुपस्थिति पर भड़के ::
इंदौर । शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने गुरुवार को शहर के विभिन्न झोन क्षेत्रों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान झोन क्रमांक 2, 13 एवं 18 के अंतर्गत आने वाले वार्डों में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ अपर आयुक्त प्रखर सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद थे।
आयुक्त सिंघल ने झोन 2 के वार्ड 68 स्थित सिलावटपुरा और मुंबई बाजार क्षेत्र की गलियों में पहुंचकर सफाई की स्थिति देखी। इसके पश्चात वे झोन 18 के वार्ड 53 अंतर्गत कोहिनूर कॉलोनी और आजाद नगर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कचरा संग्रहण और सड़कों की सफाई को लेकर क्षेत्रीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
:: अनुपस्थित कर्मचारियों पर गिरेगी गाज ::
निरीक्षण के दौरान झोन 13 के वार्ड 74 (मैकेनिक नगर और विष्णुपुरी क्षेत्र) में कई सफाई कर्मचारी अपने कार्य से अनुपस्थित पाए गए। इसे गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने क्षेत्रीय सीएसआई को तत्काल हाजिरी रजिस्टर की जांच करने और बिना सूचना गायब रहने वाले कर्मचारियों पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
:: उद्यान में री-यूज पानी के उपयोग पर चर्चा ::
आयुक्त ने विष्णुपुरी स्थित मां अहिल्या उद्यान का भी अवलोकन किया। यहाँ उन्होंने मौजूद नागरिकों से स्वच्छता फीडबैक लिया और उद्यान के रखरखाव के लिए री-यूज पानी के कनेक्शन के उपयोग को लेकर चर्चा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि उद्यानों में जल संरक्षण और पुनर्चक्रण (Recycling) को प्राथमिकता दी जाए।