:: इंडोर क्रिकेट में दिखेगा रोमांच; 20 टीमें लेंगी हिस्सा, 3 लाख रुपये से अधिक की इनामी राशि ::
इंदौर । अभय प्रशाल स्पोर्ट्स क्लब, इंदौर द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित ‘येलो डायमंड कप’ एपीएससी क्रिकेट लीग स्पर्धा का भव्य शुभारंभ आगामी 1 जुलाई से अभय प्रशाल परिसर में होने जा रहा है। मानसून के सुहाने मौसम में खेल प्रेमियों को इंडोर क्रिकेट का रोमांचक अनुभव मिलेगा।
स्पर्धा निदेशक नीलेश वेद ने बताया कि यह इस प्रतिष्ठित इंडोर क्रिकेट टूर्नामेंट का पाँचवां संस्करण है। इस बार प्रतियोगिता को अधिक समावेशी और आकर्षक बनाने के लिए टीम फॉर्मेट को नए ढंग से तैयार किया गया है। नए प्रारूप में अंडर-15, 16 से 30 वर्ष, 31 से 50 वर्ष, 51 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के वरिष्ठ खिलाड़ियों के साथ-साथ महिला वर्ग की टीमें भी शामिल की गई हैं, जिससे सभी आयु वर्ग के खिलाड़ियों को भागीदारी का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता में शहर की 20 नामचीन टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिससे मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह बना हुआ है। टूर्नामेंट लीग-कम-नॉकआउट प्रारूप में खेला जाएगा, जिसमें प्रत्येक टीम को प्रदर्शन का पूरा अवसर मिलेगा।
खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए प्रत्येक मैच में विजेता टीम के साथ ‘मैन ऑफ द मैच’ को नकद पुरस्कार दिया जाएगा। पूरी प्रतियोगिता में 3 लाख रुपये से अधिक की इनामी राशि वितरित की जाएगी।
प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए मुख्य संयोजक के रूप में अनिल रांका, अनिल राखेचा, मनीष वेद और अर्पित जैन जिम्मेदारी निभा रहे हैं। संचालन समिति में अखिलेश जैन, अमित चौधरी, अर्चित शाह, दीपेश जैन, गौरव मेहता, हेमेंद्र जैन, मनीष कोठारी, मनोज राठौर, मेघ शाह, संतोष दीक्षित, शैलेश जैन, शैलेंद्र सोलंकी, विकास धाकड़, विवेक गंगवाल एवं प्रतीक जैन सहित अन्य सदस्य शामिल हैं।

