:: इंदौर के 9 अधिकारियों को मिला सहायक संचालक पद; लंबे इंतजार के बाद पूरी हुई प्रक्रिया ::
इंदौर । महिला एवं बाल विकास विभाग में पहली बार एक साथ 80 परियोजना अधिकारियों को सहायक संचालक पद पर पदोन्नति मिली है। इनमें इंदौर जिले के 9 अधिकारी शामिल हैं। विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पदोन्नति आदेश जारी किए गए।
पदोन्नत सहायक संचालकों ने भोपाल स्थित 74 बंगला निवास पर महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया से मुलाकात कर उनका अभिनंदन किया और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया। अधिकारियों ने कहा कि लंबे समय से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया पूरी होने से उन्हें अनुभव के अनुरूप नई जिम्मेदारी मिली है।
विभाग के इतिहास में एक साथ इतनी बड़ी संख्या में परियोजना अधिकारियों को पदोन्नति देने का यह पहला अवसर है। इससे विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों में उत्साह है।
मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने पदोन्नत अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पदोन्नति के साथ जिम्मेदारी भी बढ़ती है। अधिकारी महिला, बच्चों और किशोरियों के लिए संचालित योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू कर लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाएं।
:: इंदौर के अधिकारी भी शामिल ::
पदोन्नत सहायक संचालकों में इंदौर से राजेंद्र मंडलोई, रवि शर्मा, विक्रमसिंह चौहान, चित्रा यादव, रेखा शर्मा और वर्षा चौहान सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे। अधिकारियों ने नई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता से निभाने का भरोसा दिलाया।

