स्मार्ट सिटी के नाम पर करोड़ों रुपए खर्च करने वाला इंदौर, आखिर गड्डों से कब मुक्त होगा – कांग्रेस

इंदौर

सात दिन में सड़कों को ठीक करने की दी चेतावनी::
इन्दौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने शहर की खराब और गड्ढे वाली सड़कों को लेकर 7 दिन का अल्टीमेटम देते कहा है कि अगर 7 दिन में इन सड़कों को ठीक नहीं किया जाता है तो कांग्रेस इन सड़कों पर उतरेगी और चक्काजाम कर कुंभकर्ण की नींद सो रहे प्रशासन को जगाएगी। उन्होंने कहा कि सवाल साफ है स्मार्ट सिटी के नाम पर करोड़ों रुपए खर्च करने वाला इंदौर, आखिर गड्डों से कब मुक्त होगा। शहर की खस्ता हाल सड़कों और रिंग रोड तथा बायपास पर के सर्विस रोड की सड़कों की हालत को लेकर इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने मैदान संभाला है। उन्होंने कहा कि इंदौर जैसे महानगर में, जिसे हम आधुनिक शहर मानते है।‌वहां पर सड़कों की इतनी दुर्गति होना और गड्ढों के कारण लोगों की जान जाना इंदौर शहर पर कंलक जैसा मानता हूं। जब कोई भी ठेकेदार ओवर ब्रिज या ब्रिज बनाता है तो उसके साथ ही इंजीनियर, कंसलटेंट और संबंधित जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी रहती है कि वे वहां की सर्विस लेन को दुरुस्त करके चले, लेकिन भ्रष्टाचार और भाजपा की जुगलबंदी चल रही है। इसके कारण ये दुर्गति इंदौर शहर की हो रही है। उन्होंने कहा कि आउटर इन्दौर में तो बद से बदतर स्थिति में सड़के हो चुकी है। कोई सुनने, समझने वाला नहीं है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर ये सड़कें 22 तारीख तक ठीक नहीं हुई तो, इसके बाद वाले सप्ताह में कांग्रेस पार्टी जहां-जहां भी गड्ढे है, सर्विस रोड खराब है सब जगह एक साथ चक्काजाम करके कुंभकर्णी नींद में सोई हुई नगर निगम, सोई हुई सरकार, सोए हुए अधिकारियों-जनप्रतिनिधियों को जगाने की कोशिश कर हम उनको मजबूर कर देंगे कि वे चलने लायक सड़कें जनता को मुहैया कराए।