भोपाल । यूनीसेफ की ‘सुरक्षित शहर’ पहल के अंतर्गत नगर निगम भोपाल में बाल अधिकारों, बाल संरक्षण और बाल विवाह रोकथाम को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। महापौर श्रीमती मालती राय की अध्यक्षता में हुई बैठक में निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन तथा यूनीसेफ के प्रतिनिधि जेसपर मोलर और सुश्री सोलेडेड हेरेरो विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में नगर निगम द्वारा बाल संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा हुई। पावर पॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से बाल अधिकारों से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी गई तथा बाल विवाह रोकथाम संबंधी जागरूकता ब्रोशर का विमोचन भी किया गया।
महापौर श्रीमती मालती राय ने बच्चों को शिक्षा से जोड़ने, नशे सहित अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखने और बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं की रोकथाम के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। बैठक में बाल संरक्षण गतिविधियों में नगर निगम की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने और विभिन्न विभागों व सामाजिक संगठनों के समन्वय से अभियान चलाने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
यूनीसेफ के प्रतिनिधियों ने बच्चों के अधिकारों की रक्षा और बाल संरक्षण के लिए नगर निगम द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। बैठक में महापौर परिषद के सदस्य आर.के. सिंह बघेल, श्रीमती सुषमा बावीसा, जोन अध्यक्ष श्रीमती बृजुला सचान, नगर निगम के अधिकारी, यूनीसेफ के प्रतिनिधि तथा विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों (एनजीओ) के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

