:: दो कार्रवाई में 21.75 बल्क लीटर मदिरा जब्त, एक्टिवा सहित 85 हजार की सामग्री पकड़ी ::
इंदौर । अवैध मदिरा के संग्रहण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने कार्रवाई करते हुए दो मामलों में 21.75 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त की है। एक कार्रवाई में शराब परिवहन करते आरोपी को दोपहिया वाहन सहित पकड़ा गया, जबकि दूसरी में कमरे से अवैध मदिरा बरामद हुई।
कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश और सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के मार्गदर्शन में आबकारी दल ने मोती तबेला रोड पर गश्त के दौरान होंडा एक्टिवा (एमपी-09-एसयू-1143) की तलाशी ली। वाहन से 50 पाव देशी मसाला मदिरा मिली। मामले में आरोपी सोनू पिता नंदूलाल गौड़ के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। जब्त शराब और वाहन का अनुमानित मूल्य 85 हजार 450 रुपये है।
वहीं अर्जुनपुरा, महू नाका क्षेत्र में एक कमरे की तलाशी के दौरान 11 बोतल विदेशी मदिरा और 25 पाव देशी मसाला मदिरा जब्त की गई।
आबकारी विभाग के अनुसार जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और विक्रय के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

