220 केवी सबस्टेशन में 50 एमवीए का अतिरिक्त ट्रांसफार्मर ऊर्जीकृत, देवास जिले की कुल क्षमता पहुंची 2058 एमवीए ::
इंदौर । मालवा क्षेत्र की बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मंगलवार को नई मजबूती मिली। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने देवास जिले के 220 केवी सबस्टेशन चापड़ा में 50 एमवीए क्षमता का अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कर ऊर्जीकृत कर दिया है। इससे देवास सहित पूरे मालवा अंचल में बिजली आपूर्ति की विश्वसनीयता और गुणवत्ता में सुधार होगा।
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि नए ट्रांसफार्मर के शुरू होने से चापड़ा सबस्टेशन की ट्रांसफार्मेशन क्षमता बढ़कर 153 एमवीए हो गई है। यह यहां स्थापित चौथा 132/33 केवी पावर ट्रांसफार्मर है। इससे नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण (एनवीडीए) के पंप हाउस फीडरों के साथ क्षेत्र के सिंचाई, घरेलू और औद्योगिक विद्युत भार का बेहतर प्रबंधन किया जा सकेगा।
:: किसानों और उद्योगों को मिलेगा लाभ ::
क्षमता विस्तार से किसानों को सिंचाई के लिए अधिक भरोसेमंद बिजली मिलेगी। वहीं क्षेत्र में बढ़ती औद्योगिक और घरेलू बिजली मांग को पूरा करने में भी मदद मिलेगी। कृषि और उद्योग का प्रमुख केंद्र रहे मालवा में मजबूत पारेषण नेटवर्क विकास की गति को और बढ़ाएगा।
एमपी ट्रांसको उज्जैन के अधीक्षण अभियंता अनिल सक्सेना ने बताया कि चापड़ा में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर स्थापित होने के बाद देवास जिले की कुल स्थापित ट्रांसफार्मेशन क्षमता बढ़कर 2058 एमवीए हो गई है। जिले में कंपनी के 12 उच्चदाब सबस्टेशनों के माध्यम से बिजली पारेषण व्यवस्था संचालित की जा रही है।
नई क्षमता वृद्धि से वर्तमान बिजली जरूरतों को पूरा करने के साथ भविष्य में बढ़ने वाली मांग के लिए भी पारेषण नेटवर्क को मजबूती मिलेगी।

