देहदान, नेत्रदान और त्वचा दान कर अमर हुईं प्रतिभा भोसले

इंदौर

68 वर्षीय महिला को पुलिस ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर, चिकित्सा शिक्षा और जरूरतमंदों के उपचार में काम आएगा योगदान ::
इंदौर । इंदौर की 68 वर्षीय प्रतिभा अनिल भोसले के देहदान, नेत्रदान और त्वचा दान से मानव सेवा की प्रेरक मिसाल सामने आई है। 12 अक्टूबर को उनके निधन के बाद परिजनों की सहमति से देहदान भोपाल के मानसरोवर आयुर्वेदिक कॉलेज, नेत्रदान एमके इंटरनेशनल आई बैंक और त्वचा दान चोइथराम स्किन बैंक, इंदौर में संपन्न कराया गया। उनके इस योगदान से चिकित्सा शिक्षा और जरूरतमंदों के उपचार में मदद मिलेगी।
गोयल एवेन्यू निवासी स्व. प्रतिभा भोसले के इस पुनीत कार्य में उनके पति अनिल भोसले और तरुण मिश्रा ने सहयोग एवं समन्वय किया। देहदान से चिकित्सा विद्यार्थियों को अध्ययन में मदद मिलेगी, जबकि नेत्रदान और त्वचा दान से जरूरतमंदों को लाभ पहुंचाने का अवसर मिलेगा।
अंतिम विदाई के अवसर पर मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार इंदौर पुलिस दल ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। यह सम्मान उनके देहदान और अंगदान के माध्यम से मानवता की सेवा के प्रति आदर के रूप में दिया गया।
मुस्कान ग्रुप पारमार्थिक ट्रस्ट ने इस पहल को समाज के लिए प्रेरणादायी बताते हुए लोगों से अंगदान और देहदान के प्रति जागरूक होने की अपील की।