:: इंदौर में बोले रामदास आठवले- देश की अर्थव्यवस्था सुधरी, भारत अब दुनिया में चौथे स्थान पर; महू को बताया तीर्थ ::
इंदौर । केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास आठवले ने मंगलवार को इंदौर के रेसीडेंसी कोठी में पत्रकारों से चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश द्वारा हासिल की गई ऐतिहासिक उपलब्धियों का खाका खींचा। उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में भारत तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है और भ्रष्टाचार मुक्त व गरीबी मुक्त भारत का सपना साकार हो रहा है।
राज्यमंत्री आठवले ने आंकड़ों के माध्यम से उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि पिछले 12 वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चार करोड़ परिवारों को अपना पक्का घर मिला है, जबकि 12 करोड़ से अधिक घरों में शौचालय बनाकर नारी का सम्मान सुरक्षित किया गया है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना से 60 करोड़ लोग लाभान्वित हुए हैं, वहीं तीन करोड़ लखपति दीदी बनाकर महिला सशक्तिकरण को नई दिशा दी गई है।
आठवले ने कहा कि अर्थव्यवस्था के मामले में भारत आज चौथे क्रम पर पहुंच गया है। बीते 12 वर्षों में भारत ने 97 लाख करोड़ रुपये का रिकार्ड निर्यात किया है। रक्षा उपकरणों के क्षेत्र में भी देश आत्मनिर्भर बन रहा है, जहाँ 38,400 करोड़ रुपये के रक्षा उपकरणों का निर्यात किया गया है। डिजिटल क्रांति का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि यूपीआई के माध्यम से 314 लाख करोड़ रुपये का डिजिटल लेनदेन हुआ है, जो पिछले वर्षों की तुलना में 12 हजार गुना अधिक है।
संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली महू का उल्लेख करते हुए आठवले ने कहा कि इंदौर से उनका गहरा नाता है। उन्होंने कहा, महू मेरे लिए एक तीर्थ के समान है और मैं हमेशा यहां दर्शन के लिए आता हूँ।
उन्होंने जानकारी दी कि इस बार की जनगणना में सभी जातियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त होगी। साथ ही, लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए उन्होंने सुझाव दिया कि मतदान को अनिवार्य कर दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हाल के पांच राज्यों के चुनाव में 96 प्रतिशत तक मतदान होना यह दर्शाता है कि आम मतदाता का लोकतंत्र के प्रति भरोसा बढ़ा है।


1 thought on “बीते 12 वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए : केंद्रीय मंत्री आठवले”
Comments are closed.