5,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात
जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का उद्घाटन, 75 अमृत भारत स्टेशनों का लोकार्पण और वाराणसी के लिए नई ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी
जालंधर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को पंजाब के जालंधर दौरे पर रहेंगे, जहां वे 125 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री 5,470 करोड़ रुपये से अधिक की रेल और सड़क अवसंरचना परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास कर क्षेत्र को विकास की बड़ी सौगात देंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करना, यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को गति देना है।
प्रधानमंत्री अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जालंधर कैंट सहित देशभर के 20 राज्यों में स्थित 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का भी लोकार्पण करेंगे। करीब 1,570 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इन स्टेशनों को आधुनिक यात्री सुविधाओं, बेहतर प्रतीक्षालय, डिजिटल सेवाओं और सुगम आवागमन की व्यवस्था से लैस किया गया है। साथ ही इन स्टेशनों के निर्माण में स्थानीय संस्कृति, विरासत और पारंपरिक वास्तुकला को भी प्रमुखता दी गई है। प्रधानमंत्री इस अवसर पर वाराणसी के लिए नई ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाएंगे।
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर जालंधर में सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन परिसर में विशाल वॉटरप्रूफ पंडाल बनाया गया है, जहां प्रधानमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे। पिछले कई दिनों से जिला प्रशासन, रेलवे और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे रहे।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत पंजाब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) ने मोर्चा संभाल रखा है। कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। रामामंडी और कैंट क्षेत्र की ऊंची इमारतों पर भी सुरक्षा कर्मियों की निगरानी रखी गई है। सुरक्षा कारणों से शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्ट किया गया, जिससे कुछ स्थानों पर जाम की स्थिति भी बनी रही।
कार्यक्रम से पहले रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्र का सौंदर्यीकरण किया गया है। स्टेशन के सामने पुल की सड़क की मरम्मत, प्रीमिक्स बिछाने और साफ-सफाई का कार्य तेजी से पूरा किया गया। पूरे इलाके को भाजपा के झंडों, बैनरों और स्वागत होर्डिंग्स से सजाया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर करीब 3:30 बजे जालंधर पहुंचेंगे। उनके दौरे को पंजाब में रेल एवं सड़क अवसंरचना के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

