राहुल गांधी का आरोप: बीजेपी ने जबरन बंद करवा दी कनॉट प्लेस की दुकानें

ताज़ा खबर देश-विदेश

व्यापारियों को नुकसान
नई दिल्ली । दिल्ली में इंडिया गठबंधन की महारैली के दौरान, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी ने दिल्ली के कनॉट प्लेस की सभी दुकानें जबरदस्ती बंद करवा दीं, इससे स्थानीय व्यापारियों को भारी नुकसान हुआ है। राहुल गांधी ने सवाल उठाया कि आखिर व्यापारियों का नुकसान कौन कर रहा है।
राहुल गांधी ने कहा, हमारे द्वारा सभी लोगों से कहा कि जब आप मार्च और महारैली के लिए आएंगे, तब चीजें खरीदें, खरीदारी करें। मगर यहां कनॉट प्लेस में आते हुए हमें पता लगा कि बीजेपी ने सारी की सारी दुकानें जबरदस्ती बंद करवा दीं। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि व्यापारियों का यह नुकसान बीजेपी के कारण हो रहा है।
दरअसल, आरोप से पहले राहुल गांधी ने पोस्ट कर दिल्ली आने वाले लोगों से लोकल व्यापारियों की मदद करने का आग्रह किया था। उन्होंने कहा था कि दिवाली, छठ और भाईदूज जैसे त्यौहारों के समय दिल्ली आने वाले लाखों लोग यदि छोटी-छोटी दुकानों से सामान खरीदे, तब इससे स्थानीय व्यापारियों को आर्थिक लाभ होगा। उन्होंने पोस्ट में लिखा था, प्रोटेस्ट, मार्च, रैली कीजिए, साथ में थोड़ी सी खरीदारी भी कीजिए- व्यापारियों का फायदा हो जाएगा।
राहुल गांधी ने बीजेपी पर आरोप लगाया था कि वह रैली से व्यापारियों को नुकसान होने की झूठी अफवाहें फैला रही है। उन्होंने दावा किया कि विपक्ष की रैली से व्यापारियों को नुकसान नहीं, बल्कि फायदा होगा। अब कनॉट प्लेस की दुकानों को जबरन बंद कराने का आरोप लगाकर, उन्होंने बीजेपी पर सीधा पलटवार किया है, यह संकेत देते हुए कि व्यापारियों का नुकसान विपक्ष नहीं, बल्कि सत्ताधारी दल कर रहा है।
दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित यह महारैली कथित चुनावी अनियमितताओं और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी दलों के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखी जा रही है। इसी रैली के इर्द-गिर्द बीजेपी और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है, जिसमें अब कनॉट प्लेस की दुकानों को बंद कराने का मुद्दा भी जुड़ गया है।