राजनैतिक उद्देश्यों के लिए धर्म के इस्तेमाल से बचती है कांग्रेस: आजाद

FEATURED ताज़ा खबर मध्य प्रदेश

भोपाल, 04 नवंबर (वार्ता) राज्यसभा में विपक्ष के नेता एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने आज कहा कि उनकी पार्टी हमेशा से ही राजनैतिक उद्देश्यों को हासिल करने के लिए धार्मिक स्थानों के उपयोग से बचती आयी है।
श्री आजाद ने यहां प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से कहा कि एक सौ तीस वर्ष से अधिक पहले जब कांग्रेस का गठन हुआ था, तब इसमें सभी धर्मों के लोग शामिल हुए और सभी ने मिलकर स्वतंत्रता संग्राम में हिस्सा लिया। हमारी पार्टी सभी धर्मों का सम्मान करती है और राजनैतिक उद्देश्यों को हासिल करने के लिए धार्मिक स्थानों के उपयोग से बचती है। श्री आजाद से राम मंदिर मुद्दे के फिर से उठने के संबंध में पार्टी के रूख के बारे में पूछा गया था।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पार्टी में भी उतार चढ़ाव आते रहते हैं। इसके पहले वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि उन्होंने अपने 39 वर्ष के संसदीय जीवन में ऐसा एक भी प्रधानमंत्री नहीं देखा, जिसने सदन में एक भी सवाल का जवाब नहीं दिया हो।
उन्होंने संवैधानिक संस्थाओं की मौजूदा स्थितियों का जिक्र किया और कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों की वजह यह हालत बनी है। उन्होंने मध्यप्रदेश सरकार की भी आलोचना की और कहा कि कुपोषण के मामले में यह सरकार पूरी तरह असफल रही है। इसके अलावा रोजगार, कृषि और महिलाओं आदि के मसले पर भी यह सरकार कुछ नहीं कर पायी है। राज्य में महिलाओं के साथ दुष्कर्म के मामले भी बढ़े हैं।
पवन प्रशांत
वार्ता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *