दिल्ली में मध्यप्रदेश का निवेश डंका, ₹20,193 करोड़ के निवेश प्रस्ताव; 27,592 रोजगार की संभावना

मध्य प्रदेश

भोपाल ।नई दिल्ली में आयोजित भारत टेक्स-2026 और इंटरएक्टिव सेशन ऑन इन्वेस्टमेंट अपॉर्च्युनिटीज इन मध्यप्रदेश में प्रदेश ने निवेश आकर्षित करने के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। दोनों आयोजनों में मध्यप्रदेश को कुल ₹20,193 करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनसे 27,592 प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की संभावना है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निवेशकों को जनवरी 2027 में आयोजित होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 में भाग लेने का आमंत्रण देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश निवेशकों के लिए मजबूत नीतियों, आधुनिक अधोसंरचना, कुशल मानव संसाधन और त्वरित प्रशासनिक सहयोग के साथ सबसे भरोसेमंद निवेश गंतव्य बन रहा है।
भारत टेक्स-2026 के दौरान आयोजित टेक्सटाइल राउंडटेबल में प्रदेश को ₹1,592 करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले, जिससे लगभग 15,700 रोजगार सृजित होने की उम्मीद है। वहीं, इंटरएक्टिव सेशन में रक्षा, डेटा सेंटर, इलेक्ट्रॉनिक्स, नवीकरणीय ऊर्जा, इंजीनियरिंग, आईटी, एआई और अन्य क्षेत्रों में ₹18,601 करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिनसे करीब 11,892 रोजगार मिलने की संभावना है।
कार्यक्रम के दौरान एमपीआईडीसी ने निर्यात, ई-कॉमर्स, एमएसएमई और वैश्विक व्यापार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 7 महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इनमें फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गनाइजेशन्स, एसोचैम, अमेज़न ग्लोबल सेलिंग, पीआईओ चैंबर ऑफ कॉमर्स सहित विभिन्न संस्थाओं के साथ सहयोग समझौते शामिल हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश आज तेज़ी से विकसित हो रहा औद्योगिक राज्य है, जहां सुदृढ़ सड़क एवं रेल नेटवर्क, आठ हवाई अड्डे, औद्योगिक कॉरिडोर, पर्याप्त भूमि, बिजली और जल जैसी सुविधाएं निवेशकों को उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के विजन को साकार करने में मध्यप्रदेश पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रहा है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों और उद्योग समूहों के साथ निवेश, टेक्सटाइल, रक्षा, खाद्य प्रसंस्करण, डेटा सेंटर और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में साझेदारी को लेकर महत्वपूर्ण चर्चाएं भी हुईं।