रश्मि और जाह्नवी लेकर आ रही ‘सयोनी’

मनोरंजन

“माँ होकर भी है वो अनाथ! क्या दोनों की दुनिया आ पाएगी एक साथ?” इसी सवाल के साथ स्टार प्लस ने अपने नए फिक्शन शो ‘सयोनी’ की पहली झलक दर्शकों के सामने पेश की है। यह कहानी प्यार, बिछड़ने और किस्मत के भावनात्मक सफर को दिखाएगी।

नए प्रोमो में सान्वी (जाह्नवी सोनी) से मुलाकात होती है, जो एक मासूम, चंचल और खुशमिजाज बच्ची है। सान्वी अनाथालय में पली-बढ़ी है और उसे नहीं पता कि उसकी माँ ज़िंदा है। बचपन से ही उसके दिल में सिर्फ एक ख्वाहिश है- अपनी माँ को ढूँढना और पहली बार माँ के प्यार का एहसास करना।

रश्मि देसाई और जाह्नवी सोनी मुख्य भूमिकाओं में नज़र आएँगी। ‘सयोनी’ एक ऐसी भावुक कहानी है, जो माँ और बेटी के अटूट रिश्ते को खूबसूरती से पेश करेगी। शो की पहली झलक सान्वी की मासूमियत, उसकी उम्मीद और अपनी माँ को पाने की चाह को दर्शाती है। यह कहानी प्यार, जुदाई, त्याग और उम्मीद से भरे एक भावनात्मक सफर की शुरुआत करती है।लेकिन, सान्वी की तलाश के बीच किस्मत ने कुछ और ही तय कर रखा है।