हमने हर मुश्किल का सामना किया 

मनोरंजन

स्वातंत्र्यवीर सावरकर के लिए सर्वश्रेष्ठ डेब्यू निर्देशक के राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाना मेरे लिए ऐसा पल है, जिसे मैं अभी भी पूरी तरह से महसूस और समझने की कोशिश कर रहा हूँ। इस फिल्म ने मुझसे उतना कुछ माँगा, जितना शायद मेरे अब तक के किसी भी काम ने नहीं माँगा था।इस फिल्म का सफर हर मोड़ पर चुनौतियों से भरा रहा, लेकिन मुझे खुशी है कि हमने हर मुश्किल का सामना किया और उसे पार करते हुए इस यात्रा को पूरा किया। तमाम कठिनाइयों के बावजूद, न जाने कहाँ से हमें आगे बढ़ते रहने की ताकत मिलती रही।एक अभिनेता, सह-लेखक और पहली बार निर्देशक के रूप में मैंने इस फिल्म में अपना सब कुछ झोंक दिया, क्योंकि मुझे महसूस होता था कि वीर सावरकर की कहानी को पूरी ईमानदारी, सच्चाई और संवेदनशीलता के साथ दर्शकों तक पहुँचाने की बहुत बड़ी ज़िम्मेदारी मेरे कंधों पर है।