:: वार्ड 6 में सड़क, स्वास्थ्य और उद्यान सुविधाओं का होगा विस्तार; दास बगीची उद्यान का लोकार्पण ::
इंदौर । नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 6 में 10 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विकास कार्यों की शुरुआत हुई है। मंत्री विजयवर्गीय और महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने दास बगीची उद्यान का लोकार्पण करते हुए सड़क, ड्रेनेज, स्वास्थ्य, उद्यान और अन्य आधारभूत विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया।
विकास कार्यों में रिटेनिंग वॉल, सीमेंट सड़कें, नई ड्रेनेज लाइनें, सार्वजनिक शौचालय, मुख्यमंत्री संजीवनी पॉली क्लिनिक, अंबेडकर भवन निर्माण, उद्यान विकास, सड़क चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण जैसे कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से वार्ड के हजारों नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं मिल सकेंगी और क्षेत्र का स्वरूप भी बदलेगा।
कार्यक्रम के दौरान पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि नगर निगम शहर के प्रत्येक वार्ड में स्थानीय जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रहा है। उद्देश्य है कि नागरिकों को बेहतर अधोसंरचना और सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए मजबूत अधोसंरचना जरूरी है। सड़क, स्वास्थ्य, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं से जुड़े ये कार्य क्षेत्र के विकास को नई गति देंगे।
कार्यक्रम में सांसद शंकर लालवानी, वार्ड पार्षद संध्या यादव, जनप्रतिनिधि, नगर निगम अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे। नगर निगम ने सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
विकास कार्य पूर्ण होने के बाद वार्ड 6 में नागरिक सुविधाओं का विस्तार होगा और क्षेत्र अधिक व्यवस्थित व सुविधाजनक नजर आएगा।

