11 सितंबर तक सिरपुर तालाब पर लगेगी स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा, 16 अगस्त को होगा अटल पथ नामकरण व अटल प्रतिमा स्थल का भूमिपूजन ::
इंदौर । शहर में यातायात प्रबंधन को सुदृढ़ करने और प्रमुख चौराहों के विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने सोमवार को यातायात विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में शहर में चल रहे यातायात सुधार, चौराहा विकास, प्रतिमा स्थापना तथा पार्किंग व्यवस्थाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान राजकुमार ब्रिज से बाणगंगा ब्रिज के मध्य निर्मित एमआर-04 रोड का नामकरण डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्ग करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश महापौर ने दिए।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सिरपुर तालाब क्षेत्र में स्थापित की जा रही स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का लोकार्पण आगामी 11 सितंबर तक हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही अन्नपूर्णा रोड-सुदामा नगर मार्ग का अटल पथ के रूप में नामकरण करने तथा पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा स्थल के भूमिपूजन के लिए 16 अगस्त तक सभी तैयारियां पूरी करने को कहा।
:: लेफ्ट टर्न सुधरेंगे, हटेंगी बाधाएं ::
बैठक में खालसा चौक, हाईकोर्ट चौराहा, सत्यसांई चौराहा, इंद्रप्रस्थ चौराहा सहित शहर के प्रमुख यातायात जंक्शनों पर सुधार कार्यों की समीक्षा की गई। महापौर ने लेफ्ट टर्न विकसित करने, यातायात में बाधा बनने वाले अवरोधों को हटाने तथा आवश्यक निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए, ताकि शहर में यातायात का सुगम संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
:: वर्षाकाल के बाद चमकेगा शहर ::
महापौर ने शहर की विभिन्न पार्किंग व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए उनके नियमित, सुव्यवस्थित और प्रभावी संचालन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेहतर पार्किंग प्रबंधन से सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होगा और यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वर्षाकाल समाप्त होते ही शहर के प्रमुख चौराहों, डिवाइडरों और रोटरी पर पेंटिंग, रोड मार्किंग तथा सौंदर्यीकरण के कार्य तत्काल प्रारंभ किए जाएं, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था के साथ-साथ उसकी सुंदरता भी बढ़ाई जा सके।
बैठक में अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर, कार्यपालन यंत्री पी.एस. कुशवाह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

