खजराना में 100 बेड अस्पताल की राह हुई आसान

इंदौर

:: 80 करोड़ की सरकारी जमीन अतिक्रमण मुक्त; 7 दुकानें, 2 मकान और अस्थायी निर्माण हटाए ::
इंदौर । खजराना में प्रस्तावित 100 बेड के अस्पताल के लिए जमीन उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। ग्राम खजराना में करीब 80 करोड़ रुपये मूल्य की शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है। कार्रवाई के बाद अस्पताल निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हुआ है।
कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में तहसील जूनी इंदौर अंतर्गत ग्राम खजराना में यह संयुक्त अभियान चलाया गया। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) घनश्याम धनगर के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने नगर निगम इंदौर और पुलिस विभाग के सहयोग से कार्रवाई की।
:: 1.20 हेक्टेयर जमीन से हटाए कब्जे ::
प्रशासन के अनुसार ग्राम खजराना स्थित शासकीय भूमि सर्वे क्रमांक 435/1/1/1, रकबा 1.200 हेक्टेयर पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। अभियान के दौरान मौके पर बने 7 दुकानें, 2 मकान, झोपड़ियां और अस्थायी टीन शेड हटाकर भूमि को मुक्त कराया गया।
:: स्वास्थ्य सुविधा के लिए प्रस्तावित है अस्पताल ::
खजराना में 100 बेड के अस्पताल की योजना क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा के रूप में प्रस्तावित है। अस्पताल शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों को इलाज, जांच और अन्य चिकित्सा सुविधाएं नजदीक उपलब्ध हो सकेंगी।
जमीन उपलब्ध नहीं होने के कारण अस्पताल निर्माण की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही थी। अब अतिक्रमण हटने के बाद परियोजना को गति मिलने की उम्मीद है।
:: जनहित के प्रोजेक्ट को मिलेगी जमीन ::
तहसीलदार राकेश सस्तिया ने बताया कि कार्रवाई से करीब 80 करोड़ रुपये मूल्य की शासकीय भूमि अतिक्रमण मुक्त हुई है। प्रशासन के अनुसार इस भूमि का उपयोग भविष्य में अस्पताल निर्माण के लिए किया जाएगा।
कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा और जनहित के कार्यों के लिए भूमि उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
:: अब निर्माण की बारी ::
खजराना में जमीन मुक्त होने के बाद अब क्षेत्रवासियों की नजर अस्पताल निर्माण की अगली प्रक्रिया पर है। लंबे समय से प्रस्तावित यह स्वास्थ्य सुविधा धरातल पर आती है तो आसपास के बड़े क्षेत्र को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।