:: राऊ-बायपास पर परिवहन विभाग की बड़ी जांच, एक लाख से अधिक जुर्माना वसूला ::
इंदौर । सड़क सुरक्षा को लेकर इंदौर में परिवहन विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश और क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी प्रदीप शर्मा के मार्गदर्शन में संभागीय सड़क सुरक्षा दस्ते ने शुक्रवार को राऊ चौराहा और बायपास क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया। कार्रवाई में नियमों का उल्लंघन करने वाले 11 वाहनों पर प्रकरण दर्ज कर एक लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया।
जांच के दौरान लोक परिवहन, मालवाहक, स्कूल और कॉलेज वाहनों के दस्तावेज, परमिट, फिटनेस, ओवरलोडिंग, निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी, गति नियंत्रण व्यवस्था और अन्य सुरक्षा मानकों की पड़ताल की गई। अधिकारियों ने बसों में इमरजेंसी एग्जिट, फायर सेफ्टी सिस्टम और आपात स्थिति में यात्रियों की सुरक्षित निकासी की व्यवस्था भी जांची।
अभियान में स्कूल एवं कॉलेज वाहनों पर विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों ने सुनिश्चित किया कि विद्यार्थियों के परिवहन में लगे वाहन सुरक्षा मापदंडों और जरूरी दस्तावेजों के साथ संचालित हों। वाहन संचालकों को एचएसआरपी नंबर प्लेट लगवाने के लिए भी निर्देशित किया गया।
संभागीय परिवहन सड़क सुरक्षा दस्ते के प्रभारी परिवहन निरीक्षक आकाश सिटोले ने बताया कि जांच में वाहनों में सुरक्षा संबंधी कमियां और मोटरयान अधिनियम के उल्लंघन पाए गए, जिस पर कार्रवाई की गई।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी नियमित और सख्त अभियान जारी रहेगा।

