सामूहिक विवाह सम्मेलनों में शादी का ट्रेंड सेट करें समाज के समृद्ध लोग : डॉ. मोहन यादव

मध्य प्रदेश

मुख्यमंत्री ने आष्टा में 200 बेटियों के सामूहिक विवाह सम्मेलन को किया वर्चुअली संबोधित; कहा- दिखावे और फिजूलखर्ची पर रोक का संदेश हैं ऐसे आयोजन ::
इंदौर/सीहोर । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने समाज के संपन्न और समृद्ध वर्ग से आह्वान किया है कि वे सादगी को व्यवहार में उतारें और सामूहिक विवाह सम्मेलनों में विवाह करने का नया ट्रेंड सेट करें। उन्होंने कहा कि सामूहिक चेतना का यह उत्सव फिजूलखर्ची और दिखावे पर रोक लगाने का सशक्त माध्यम है। इससे समाज का हर वर्ग अनावश्यक खर्च से बचेगा और उन संसाधनों का उपयोग परिवार के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री गुरुवार को सीहोर जिले के आष्टा में आयोजित 200 बेटियों के सामूहिक विवाह सम्मेलन को मुख्यमंत्री निवास से वर्चुअली संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उदाहरण देते हुए बताया कि उन्होंने स्वयं भी अपने पुत्र का विवाह सामूहिक सम्मेलन के माध्यम से ही संपन्न कराया है। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति में विवाह जन्म-जन्मांतर का पवित्र बंधन है। जब से सरकार और समाज ने सामूहिक विवाह का बीड़ा उठाया है, तब से गरीब माता-पिता ने चैन की सांस ली है। अब बेटियों की विदाई पूरे सम्मान के साथ होती है और किसी भी पिता को कर्ज लेने की आवश्यकता नहीं पड़ती।
:: बीते 29 महीनों में 1.70 लाख से अधिक बेटियों के हाथ हुए पीले ::
योजना की सफलता के आंकड़े साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि दिसंबर 2023 से अप्रैल 2026 तक प्रदेश में 1 लाख 70 हजार 187 बेटियों के विवाह मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के तहत कराए गए हैं। इस मद में अब तक लगभग 1000 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि बेटियों की शिक्षा के लिए पर्याप्त प्रबंध करना हर माता-पिता का नैतिक दायित्व है।
:: समाज और सरकार एक-दूसरे के पूरक ::
डॉ. यादव ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन के लिए सरकार और समाज का हाथ मिलाकर चलना जरूरी है। सामूहिक विवाह जैसे आयोजन वर्तमान समय में समाज सेवा का सर्वोत्तम उदाहरण बन चुके हैं। आष्टा में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर, जनपद पंचायत अध्यक्ष दीक्षा सोनू गुणवान सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में वर-वधू पक्ष के परिजन उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने सभी नव-दंपत्तियों को सुखद गृहस्थ जीवन का आशीर्वाद प्रदान किया।