-विधानसभा अध्यक्ष को आधा घंटे की कार्यवाही करना पड़ी स्थगित
भोपाल । राज्य विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन प्रश्नकाल के दौरान मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने जमकर हंगामा किया। विपक्ष की मांग थी कि उज्जैन में हुई जमीन खरीदी मामले पर सदन में चर्चा हो। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने उज्जैन में जमीन खरीदी का मामला उठाया। इस पर चर्चा की मांग की, जिसका भाजपा विधायकों और मंत्रियों ने विरोध किया।
इसके बाद दोनों तरफ से हंगामा शुरु हो गया।
भारी शोर गुल के बीच संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा- यह मुद्दा स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा में नहीं लाया जा सकता है। इतना सुनते ही कांग्रेस विधायक और ज्यादा गुस्से में आ गए और गर्भगृह के पास पहुंचकर नारेबाजी करने लगे।
विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर सदस्यों को शांत रहने और कार्यवाही चलने देने का कहते हुए कहा कि इस मुद्दे पर नियम 139 के अंतर्गत चर्चा करेंगे। जवाब में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा- स्थगन प्रस्ताव सिंहस्थ की जमीन छीनने को लेकर और मुख्यमंत्री के परिवार द्वारा जमीन खरीदी को लेकर है। इस पर चर्चा कराई जाए। जब कांग्रेस के विधायकों ने शोर-शराबा खत्म नहीं किया तो विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही आधे घंटे के लिए स्थगित कर दी।
विधानसभा घेराव की चेतावनी
उधर, ओबीसी महासभा मध्य प्रदेश ने 27 प्रतिशत आरक्षण लागू कराने और 13 फीसदी पदों को होल्ड फ्री करने की मांग को लेकर आज विधानसभा घेराव का आयोजन किया है। महासभा के सदस्यों का कहना है कि जब 27 प्रतिशत आरक्षण पर एग्जाम होता है और मेरिट बनती है तो फिर सिर्फ 14 प्रतिशत आरक्षण के आधार पर नियुक्ति क्यों होती है? 8 साल में पांच बार मुख्यमंत्री का घेराव, सैकड़ों बार सभाएं और आंदोलन करने के बावजूद सुनवाई नहीं हो रही है। अगर आज सुनवाई नहीं होती है तो हम विधानसभा का घेराव करेंगे।

