भोजशाला में बसंत पंचमी उत्सव पर सुरक्षा की मांग : केंद्र और राज्य सरकार को भेजा ज्ञापन

मध्य प्रदेश

:: शुक्रवार के संयोग पर भोज उत्सव समिति सतर्क, माँ वाग्देवी के जन्मोत्सव को निर्विघ्न मनाने का संकल्प ::
इंदौर । धार की ऐतिहासिक धरोहर भोजशाला में इस वर्ष बसंत पंचमी का पर्व विशेष चर्चा में है। 23 जनवरी 2026 को शुक्रवार के दिन पड़ने वाले इस उत्सव को लेकर भोज उत्सव समिति ने सुरक्षा के कड़े प्रबंधों की मांग उठाई है। इंदौर प्रेस क्लब में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में समिति ने स्पष्ट किया कि माँ सरस्वती का जन्मोत्सव हिंदू समाज की गहरी आस्था का केंद्र है और इसे बिना किसी व्यवधान के संपन्न कराना प्रशासन की संवैधानिक जिम्मेदारी है।
भोज उत्सव समिति के मीडिया प्रमुख मोहन राठौर ने भोजशाला के गौरवशाली इतिहास को रेखांकित करते हुए बताया कि सन् 1034 में राजा भोज ने यहाँ शारदा सदन का निर्माण कर माँ वाग्देवी को प्रतिष्ठित किया था। यह स्थान सदियों से ज्ञान और उपासना का प्रतीक रहा है। ऐतिहासिक दस्तावेजों के अनुसार, 1904 और 1952 में इसे संरक्षित स्मारक का दर्जा मिला, वहीं 2003 में पुरातत्व विभाग (एएसआई) ने हिंदुओं को प्रति मंगलवार और बसंत पंचमी पर पूजन का विधिक अधिकार प्रदान किया। समिति इसी परंपरा को अक्षुण्ण रखने के लिए प्रयासरत है।
समिति के अध्यक्ष सुरेशचंद्र जलोदिया और महामंत्री सुमित चौधरी ने आगामी आयोजन को लेकर अपनी चिंताएं साझा कीं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को पर्व होने के कारण सुरक्षा के विशेष मापदंड अपनाना आवश्यक है। इसी संदर्भ में प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृहमंत्री और धार जिलाधीश को ज्ञापन सौंपकर माँग की गई है कि जन्मोत्सव के दौरान परिसर में ऐसी व्यवस्था की जाए जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की गुंजाइश न रहे। समिति का जोर इस बात पर है कि पूजन की अवधि में श्रद्धालुओं को पूर्णतः सुरक्षित और शांत वातावरण मिले।
समिति के महाप्रबंधक हेमंत दोराया ने कहा कि हिंदू समाज इस महापर्व को हर्षोल्लास और मर्यादित ढंग से मनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जोर दिया कि आयोजन की गरिमा बनाए रखने और किसी भी संभावित विघ्न को रोकने के लिए समय रहते ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। समिति ने दोहराया कि उनका उद्देश्य केवल अपनी धार्मिक स्वतंत्रता और विधिक अधिकारों का पालन करना है। प्रशासन से यह अपेक्षा की गई है कि वह सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर एक सकारात्मक उदाहरण पेश करेगा।