लाठीचार्ज और बारिश के बावजूद जंतर-मंतर पर छात्रों का आंदोलन जारी

ताज़ा खबर देश

मंच क्षतिग्रस्त, बिजली बाधित होने के बाद भी पूरी रात धरने पर डटे रहे प्रदर्शनकारी
नई दिल्ली । शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा संबंधी मुद्दों को लेकर जंतर-मंतर पर चल रहा छात्रों का आंदोलन पुलिस कार्रवाई के बाद भी थमता नजर नहीं आया। सोमवार को प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुई झड़प तथा लाठीचार्ज में कई छात्र और पुलिसकर्मी घायल हो गए। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कार्रवाई के दौरान आंदोलन का मंच क्षतिग्रस्त कर दिया गया और बिजली आपूर्ति भी बाधित कर दी गई। इसके बावजूद देर शाम से छात्र दोबारा बड़ी संख्या में जंतर-मंतर पहुंचे और पूरी रात धरना-प्रदर्शन जारी रखा।
दिन में हुई पुलिस कार्रवाई के बाद कई घायल छात्रों को राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद कई छात्र वापस आंदोलन स्थल पर लौट आए और फिर से प्रदर्शन में शामिल हो गए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उन्हें हटाने के लिए पुलिस और सुरक्षाकर्मियों ने लाठी-डंडों का इस्तेमाल किया, जिससे कई छात्रों के सिर और शरीर पर चोटें आईं। वहीं पुलिसकर्मियों के भी घायल होने की सूचना है। प्रदर्शनकारियों के अनुसार, लाठीचार्ज के बाद जंतर-मंतर पर बना मंच क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि धरना स्थल पूरी तरह खाली नहीं कराया गया, जिसके चलते शाम ढलते ही छात्रों की संख्या फिर बढ़ने लगी। एहतियात के तौर पर पुलिस ने केरल भवन के पास बैरिकेडिंग कर लोगों की आवाजाही सीमित कर दी, लेकिन रात नौ बजे के बाद प्रदर्शनकारियों की भीड़ फिर बढ़ गई।
रात करीब 10 बजे तेज बारिश और बिजली गुल होने से आंदोलनकारियों की मुश्किलें और बढ़ गईं। अंधेरे के बीच छात्रों ने अपने मोबाइल फोन की फ्लैश लाइट जलाकर नारेबाजी जारी रखी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बारिश में बैठे प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अडिग रहे। देर रात तक आंदोलन स्थल पर बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे। छात्र संगठन के पदाधिकारियों, जिनमें अभिजीत दीपके सहित अन्य प्रतिनिधि शामिल थे, ने पूरी रात प्रदर्शनकारियों का उत्साह बढ़ाया और आंदोलन जारी रखने का आह्वान किया। छात्रों का कहना है कि उनकी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।