इन्टरनेट पर डीएवीवी के नाम फर्जीवाड़ा, सोशल प्लेटफॉर्म पर बनाए फर्जी अकाउंट, साइबर सेल को शिकायत के साथ एडवाइजरी जारी

मध्य प्रदेश

इन्दौर | एक सनसनीखेज मामला उजागर होने के बाद देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (डीएवीवी) ने साइबर सेल से शिकायत करते विद्यार्थियों और आम जन के लिए एडवाइजरी जारी की है। मामला इन्टरनेट पर विभिन्न सोशल साइट्स प्लेटफॉर्म पर विश्वविद्यालय के फर्जी बनाएं गये अकाउंट और प्रोफाइल का है। जिसमें देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (डीएवीवी) इन्दौर के नाम, लोगो (अधिकृत पहचान चिह्न) तथा मोनोग्राम का दुरुपयोग किया गया है।विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है। डीएवीवी प्रशासन का कहना है कि विश्वविद्यालय का नाम और लोगो देखकर छात्र-छात्राएं इन अकाउंट्स को आधिकारिक समझ रहे हैं। इससे परीक्षा, परिणाम और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़ी भ्रामक या गलत जानकारी फैलने का खतरा बना हुआ है। भविष्य में किसी फर्जी नोटिफिकेशन या सूचना के प्रसारित होने से विद्यार्थियों में भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है। यही नहीं इसके जरिए किसी तरह की आपराधिक गतिविधि को भी अंजाम दिया जा सकता है। रजिस्ट्रार प्रज्वल खरे के अनुसार विश्वविद्यालय की छवि और छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए साइबर सेल से इन फर्जी अकाउंट्स के खिलाफ कार्रवाई तथा उन्हें ब्लॉक कराने का अनुरोध किया गया है साथ ही विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे केवल डीएवीवी के आधिकारिक सोशल नेटवर्किंग अकाउंट्स और वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी पर ही भरोसा करें तथा किसी भी असत्यापित अकाउंट से साझा की गई सूचना को सही न मानें।
ज्ञात हो कि इंस्टाग्राम, एक्स और फेसबुक सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर डीएवीवी के नाम और लोगो का उपयोग कर अनधिकृत अकाउंट संचालित हो रहे हैं। इन अकाउंट्स पर लगातार वीडियो और प्रोमोशनल कंटेंट अपलोड किये जा रहे है, जिनका विश्वविद्यालय से कोई संबंध नहीं है।