भोपाल । रायसेन रोड स्थित जागृत एवं दर्शनीय तीर्थ स्थल दादाजी धाम मंदिर, पटेल नगर, भोपाल में 14 जनवरी को मकर संक्रांति का पावन पर्व अत्यंत भव्यता, श्रद्धा एवं सेवा-भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ जनसेवा से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें श्रद्धालुओं एवं नागरिकों की उल्लेखनीय सहभागिता रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रात: 10:00 बजे पंडित जी द्वारा विधि-विधान से रुद्राभिषेक के साथ हुआ। यह अभिषेक यजमान जीवन नामदेव एवं उनकी धर्मपत्नी अवंतिका नामदेव द्वारा संपन्न कराया गया। इसके पश्चात प्रात: 11:00 बजे दिल्ली से पधारे सुप्रसिद्ध गायक मुकेश राय एवं उनके सहयोगियों द्वारा संगीतमय सुंदरकांड पाठ प्रस्तुत किया गया, जिससे संपूर्ण मंदिर परिसर भक्तिरस से सराबोर हो उठा।
दोपहर 1:30 बजे श्री श्री 1008 श्री दादाजी गुरुदेव चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें भोपाल शहर के प्रधान संपादकों एवं लगभग 25 वरिष्ठ पत्रकारों का शाल, श्रीफल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया। सम्मानित पत्रकारों में प्रमुख रूप से मधुवर मोहन द्विवेदी (प्रधान संपादक, कारखाने का सफर एवं आनंद सक्सेना (वरिष्ठ पत्रकार), वंदना श्रोतिय (वरिष्ठ पत्रकार दैनिक भास्कर), राजकुमार सोनी (वरिष्ठ पत्रकार दैनिक स्वदेश), आशीष पाराशर (वरिष्ठ पत्रकार दैनिक एक्सप्रेस न्यूज़), नीलिमा शर्मा (वरिष्ठ पत्रकार दैनिक जागरण), के. सी. दुबे (दैनिक राजधानी पावर), पृथ्वीराज सिंह (प्रदेश टुडे), भूपेंद्र सिंह, जसप्रीत सिंह (हरिभूमि), अभय सिंह पर्वत सिंह राजपूत सहित अन्य वरिष्ठ पत्रकारगण शामिल रहे।
इसके उपरांत दोपहर 1:30 बजे से सायं 6:00 बजे तक आयोजित इको-फ्रेंडली विशाल भंडारे में लगभग 3 से 4 हजार श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
जनसेवा के अंतर्गत दोपहर 2:00 बजे से 5:00 बजे तक नि:शुल्क पैथोलॉजी चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 50 से 60 मरीजों की शुगर, हीमोग्लोबिन, थायराइड, विटामिन-डी, कोलेस्ट्रॉल, अर्थराइटिस आदि की जांच थायरोकेयर एवं माइक्रोकेयर द्वारा नि:शुल्क की गई।
साथ ही दोपहर 3:00 बजे से 5:00 बजे तक आयोजित नि:शुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर में डॉ. शिखा नामदेव द्वारा लगभग 30 से 40 मरीजों को सर्दी-खांसी, बुखार, हाथ-पैर दर्द, बीपी, साइटिका आदि रोगों की नि:शुल्क दवाएं वितरित की गईं।
धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में दोपहर 3:00 बजे नर्मदीय ब्राह्मण समाज, भोपाल द्वारा श्री विष्णु सहस्त्रनाम पाठ का आयोजन किया गया।
इस सफल आयोजन में श्री श्री 1008 श्री दादाजी गुरुदेव चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष शिवरतन नामदेव, सचिव धनंजय बोरकर, जीवन नामदेव, अनीता, अर्चना नामदेव सहित मंदिर व्यवस्था समिति के सदस्य आर.डी. धुर्वे, अवधेश सिंह, बृजेश श्रीवास्तव, हर्ष, सर्वेश, श्रद्धा, अवंतिका, ज्ञान पाराशर, महाकाल श्रीवास्तव, गणेश गुर्जर, पंडित राजेंद्र पलिया एवं दादाजी धाम परिवार के अन्य सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

