इंदौर कांग्रेस का राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में अनिश्चितकालीन धरना शुरू

इंदौर

::माँ अहिल्या प्रतिमा स्थल पर जुटे सैकड़ों कांग्रेसी, लोकतंत्र की आवाज़ दबाने का लगाया आरोप::
इन्दौर | लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को नई दिल्ली में नीट परीक्षा, पेपर लीक, बेरोजगारी और युवाओं के मुद्दों पर प्रधानमंत्री आवास की ओर शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के विरोध में इंदौर शहर कांग्रेस कमेटी ने माँ अहिल्या प्रतिमा स्थल पर अनिश्चितकालीन धरना प्रारंभ किया।vशहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता धरना स्थल पर एकत्र हुए। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि युवाओं के भविष्य, शिक्षा व्यवस्था और लोकतांत्रिक अधिकारों की आवाज़ उठाने वाले विपक्ष के नेता को हिरासत में लेना लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला है। कांग्रेस ने इसे जनता की आवाज़ को दबाने का प्रयास बताते हुए कहा कि पार्टी लोकतंत्र और युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
धरने के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार से नीट सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कठोर कार्रवाई तथा युवाओं के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ को तत्काल रोकने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि जब-जब जनता के अधिकारों पर प्रहार होगा, कांग्रेस सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी।
धरने में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की पूर्व महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती शोभा ओझा, राष्ट्रीय सचिव सत्यनारायण पटेल, अमन बजाज, दीपक पिंटू जोशी, इंदौर नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष श्रीमती सोनिला मीमरोट, पार्षद राजू भदौरिया,प्रदेश प्रवक्ता अमित चौरसिया, अंसाफ अंसारी, रफीक खान, सादिक खान, देवेंद्र सिंह यादव, अमित पटेल, रजत पटेल, मुकेश यादव, शैलेश गर्ग, संजय बाकलीवाल, इम्तियाज़ बेलीम, संतोष गौतम, रघु परमार, राजा चौकसे, लोकेश हार्डिया, सीमा सोलंकी, रिटा डांगरे, गुरजोत, किरण जीरेती, शशि हाडा, कविता कुशवाह, विनय मावने, गिरीश जोशी,सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में शुरू किया गया यह धरना उनकी रिहाई तथा युवाओं के मुद्दों पर सरकार की जवाबदेही सुनिश्चित होने तक जारी रहेगा।