4 माह चले आंदोलन के बाद सरकार ने लगाया 39 जीवनरक्षक दवाइयों की कीमतों पर कैपिंग, मरीजों को राहत

मध्य प्रदेश

इन्दौर | फेडरेशन ऑफ मेडिकल एंड सेल्स रिप्रेजेंटेटिव्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया तथा मध्य प्रदेश मेडिकल एंड सेल्स रिप्रेजेंटेटिव्स यूनियन के 4 महीने चले आंदोलन के बाद आखिरकार केंद्र सरकार ने 39 जीवनरक्षक दवाइयों की कीमतों पर कैपिंग (मूल्य सीमा) लागू कर दी है। एमपीएमएसआरयू के संयुक्त महासचिव एवं दवा संबंधी उप-समिति के संयोजक मनीष ठक्कर के अनुसार ये 39 दवाइयां मधुमेह, उच्च रक्तचाप, संक्रमण, हृदय रोग और अन्य गंभीर बीमारियों के इलाज में उपयोग की जाती है। इनकी कीमतों में कमी का लाभ मरीजों को मिलेगा। सरकार ने जिन श्रेणियों की दवाओं पर मूल्य नियंत्रण लागू किया है, उनमें एंटी-हाइपरटेंसिव, एंटी-डायबिटिक, सहित कई दवाइयां शामिल है। ठक्कर के अनुसार एफएमआरएआइ और उसकी सभी राज्य इकाइयों ने केंद्रीय औषधि नियामक प्राधिकरण को इन दवाओं की कीमतों को लेकर मार्च के पहले सप्ताह में ज्ञापन दे अभियान की शुरुआत की थी जिसका परिणाम अब सामने आया है।