जनभागीदारी से शहर के सौंदर्यीकरण को मिलेगी नई गति, आयुक्त ने संस्थाओं के साथ की बैठक

इंदौर

डिवाइडर, ग्रीन बेल्ट और उद्यानों के रखरखाव के लिए सामाजिक संगठनों ने दिए प्रस्ताव; इंदौर की स्वच्छता के साथ अब सुंदरता पर जोर ::
इंदौर । शहर के डिवाइडर, ग्रीन बेल्ट, रोटरी, चौराहों एवं अविकसित उद्यानों के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए नगर निगम अब जनभागीदारी को बड़े पैमाने पर बढ़ावा दे रहा है। इसी सिलसिले में निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने सिटी बस ऑफिस में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं एवं संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक कर विकास प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक को संबोधित करते हुए आयुक्त सिंघल ने कहा कि इंदौर की वैश्विक पहचान केवल उसकी स्वच्छता से नहीं, बल्कि यहाँ के नागरिकों की अटूट और सक्रिय भागीदारी से भी है। उन्होंने बताया कि शहर के सौंदर्यीकरण को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कई संस्थाओं ने डिवाइडर, रोटरी और उद्यानों के रखरखाव के लिए स्वेच्छा से प्रस्ताव दिए हैं। इन प्रस्तावों पर नियमानुसार शीघ्र कार्यवाही कर धरातल पर कार्य प्रारंभ किए जाएंगे।
बैठक में विभिन्न संस्थाओं ने शहर के विशिष्ट स्थानों के सौंदर्यीकरण और उनके दीर्घकालिक रखरखाव की जिम्मेदारी लेने की इच्छा जताई। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन प्रस्तावों का त्वरित परीक्षण कर कार्य योजना को अंतिम रूप दिया जाए ताकि जनभागीदारी के माध्यम से शहर के हर कोने को सुंदर बनाया जा सके।
बैठक में अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर, उद्यान अधिकारी शांतिलाल यादव सहित संबंधित विभागीय अधिकारी और विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी व प्रतिनिधि उपस्थित थे।