भारत विश्व के सबसे बड़े डिजिटल स्वास्थ्य इकोसिस्टम में शामिल : केंद्रीय मंत्री नड्डा

मध्य प्रदेश

भोपाल । केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने नई दिल्ली में आयोजित ‘डिजिटल हेल्थ इनिशिएटिव्स लॉन्च कार्यक्रम’ में आरोग्य सेतु 2.0 सहित कई नई डिजिटल स्वास्थ्य पहलों का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि 90 करोड़ से अधिक आभा खाते और 100 करोड़ से अधिक डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड के साथ भारत विश्व के सबसे बड़े डिजिटल स्वास्थ्य इकोसिस्टम में शामिल हो चुका है। नई पहलों का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाना है।
कार्यक्रम में आरोग्य सेतु 2.0, आयुष्मान ऐप, आयुष्मान सारथी व्हाट्सएप चैटबॉट, नेशनल हेल्थ क्लेम्स एक्सचेंज, यूनिफाइड हेल्थ इंटरफेस, ई-सुश्रुत क्लिनिक, ड्रग रजिस्ट्री, कॉमन एलओआईएनसी कोड्स फॉर इंडिया और भारत हेल्थ टर्मिनोलॉजी सर्विस जैसी डिजिटल सेवाएं लॉन्च की गईं। नड्डा ने कहा कि आरोग्य सेतु 2.0 मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं और दीर्घकालिक बीमारियों से ग्रस्त लोगों सहित सभी आयु वर्ग के नागरिकों को एकीकृत स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएगा।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश के लिए भी बड़ी सौगात मिली। लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग तथा केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के बीच हुए एमओयू के तहत आगामी तीन वर्षों में पीएम-केयर्स फंड से प्रदेश को 13 एमआरआई मशीनें, 11 मैमोग्राफी मशीनें और 308 एआई-सक्षम हैंडहेल्ड एक्स-रे उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे प्रदेश की डायग्नोस्टिक सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी।
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय मंत्री श्री नड्डा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन आधुनिक उपकरणों से विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य जांच सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार आएगा।